Faridabad News | हनी ट्रैप के जरिए जबरन वसूली का आरोप : ₹1 लाख बरामद | महिला गिरफ्तार

फरीदाबाद। ओल्ड फरीदाबाद थाना क्षेत्र में हनी ट्रैप के जरिए जबरन वसूली करने के आरोप में पुलिस ने एक महिला को गिरफ्तार किया है। पुलिस का दावा है कि महिला को सेक्टर-28 स्थित एक रेस्टोरेंट के पास एक लाख रुपये लेते हुए पकड़ा गया। मामले में संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज करने के बाद आरोपी महिला को अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार भूड़ कॉलोनी, ओल्ड फरीदाबाद निवासी एक महिला ने पुलिस को शिकायत दी थी। शिकायतकर्ता ने बताया कि आरोपी महिला अपने परिवार के साथ उनके मकान में किराये पर रहती थी। आरोप है कि इसी दौरान उसने शिकायतकर्ता के पति से नजदीकी बढ़ाई और उनकी कुछ फोटो व वीडियो बना लिए।
शिकायत में आरोप लगाया गया कि इसके बाद महिला फोटो और वीडियो सार्वजनिक करने की धमकी देकर लगातार रुपये मांगने लगी। शिकायतकर्ता ने महिला पर घर और दुकान पर आकर विवाद करने का भी आरोप लगाया। इन आरोपों के आधार पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू की।
पुलिस के अनुसार 3 सितंबर को आरोपी महिला ने शिकायतकर्ता के पति से कथित तौर पर दो लाख रुपये की मांग की और रुपये लेने के लिए उसे सेक्टर-28 स्थित एक रेस्टोरेंट में बुलाया। सूचना के आधार पर ओल्ड थाना पुलिस की टीम ने कार्रवाई की।
पुलिस का दावा है कि कार्रवाई के दौरान आरोपी महिला को एक लाख रुपये के साथ गिरफ्तार किया गया। बरामद रकम को पुलिस ने मामले की जांच के लिए कब्जे में ले लिया। इसके बाद घटनाक्रम को लेकर ओल्ड फरीदाबाद थाने में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया।
पुलिस ने आरोपी महिला को अदालत में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। मामले में शिकायतकर्ता की ओर से लगाए गए आरोपों और अन्य तथ्यों की जांच की जा रही है।
Editor: नितिन यादव



