Gurugram News | दिल्ली-जयपुर हाईवे पर सफाई ट्रक में लगी भीषण आग : ड्राइवर ने कूदकर बचाई जान | फायर ब्रिगेड ने पाया काबू

दिल्ली-जयपुर हाईवे पर राजीव चौक के पास रविवार सुबह नगर निगम के सफाई ट्रक में अचानक आग लग गई। कुछ ही देर में आग ने पूरे वाहन को अपनी चपेट में ले लिया। गनीमत रही कि चालक ने समय रहते वाहन से बाहर निकलकर अपनी जान बचा ली। घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार नगर निगम की सफाई गाड़ी रोजाना की तरह राजीव चौक और एक्सप्रेसवे के आसपास सफाई एवं कचरा उठाने के काम में लगी हुई थी। इसी दौरान राजीव चौक फ्लाईओवर के निचले हिस्से के पास पहुंचने पर वाहन के इंजन से अचानक धुआं निकलने लगा।

धुआं दिखाई देते ही चालक ने ट्रक को सड़क किनारे रोक दिया और वाहन से बाहर निकल गया। इसके कुछ ही देर बाद आग तेजी से फैल गई और वाहन से ऊंची लपटें और धुएं का गुबार उठने लगा। घटना के कारण हाईवे और आसपास की सर्विस लेन पर कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
घटना की सूचना मिलने के बाद फायर ब्रिगेड और स्थानीय पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने आग बुझाने का अभियान शुरू किया और मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि तब तक वाहन का इंजन और केबिन बुरी तरह जल चुका था।

आग लगने के कारणों की अभी विस्तृत जांच की जानी है। शुरुआती तौर पर इंजन में तकनीकी खराबी या शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है। अधिकारियों की जांच के बाद ही आग लगने की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।
दिल्ली-जयपुर हाईवे के इस व्यस्त हिस्से में ट्रक में आग लगने और धुआं फैलने के कारण यातायात की रफ्तार भी प्रभावित हुई। सर्विस लेन पर वाहनों की कतार लग गई और करीब एक से डेढ़ किलोमीटर तक जाम की स्थिति बनने की बात सामने आई है।
पुलिस ने यातायात व्यवस्था संभाली और जले हुए वाहन को क्रेन की मदद से सड़क से हटवाया। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद यातायात को सामान्य कराया गया। नगर निगम की ओर से भी घटना के कारणों की जांच किए जाने की बात कही गई है।



