Faridabad News | महिला को कॉल-मैसेज कर परेशान करने वाला गिरफ्तार : अमृतसर एयरपोर्ट से पकड़ा | कोर्ट ने भेजा जेल

फरीदाबाद। महिला को लगातार WhatsApp मैसेज और कॉल कर परेशान करने के मामले में थाना सूरजकुंड पुलिस ने आरोपी अभिनंदन उर्फ किट्टू को गिरफ्तार किया है। आरोपी पंजाब के गुरदासपुर जिले के पनिहार का रहने वाला है। पुलिस ने उसे 9 सितंबर को अमृतसर एयरपोर्ट से पकड़ा। पुलिस के अनुसार आरोपी दुबई जाने की तैयारी में था।
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार फरीदाबाद निवासी एक महिला ने शिकायत दी थी कि अभिनंदन नाम का व्यक्ति करीब एक वर्ष से उसे WhatsApp पर आपत्तिजनक मैसेज भेजकर और कॉल करके परेशान कर रहा था। महिला ने आरोप लगाया कि आरोपी उस पर मिलने का दबाव बनाता था और इनकार करने पर ब्लैकमेल करने की धमकी और अभद्र मैसेज भेजता था।
महिला की शिकायत के आधार पर थाना सूरजकुंड में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया। इसके बाद पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू की और 9 सितंबर को उसे अमृतसर एयरपोर्ट से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस की प्रारंभिक जांच के अनुसार आरोपी वर्ष 2024 से दुबई में रह रहा था और वहां प्रॉपर्टी का काम करता था। पुलिस का कहना है कि उसे किसी परिचित के माध्यम से महिला का मोबाइल नंबर मिला था। इसके बाद वह महिला से कॉल और मैसेज के जरिए संपर्क करने लगा।
पुलिस के अनुसार आरोपी वर्ष 2026 में रक्षाबंधन के अवसर पर भारत आया था और वापस दुबई जाने की तैयारी में था। इसी दौरान पुलिस ने उसे अमृतसर एयरपोर्ट से गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तारी के बाद आरोपी को अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। पुलिस मामले में आगे की जांच कर रही है।
Editor: नितिन यादव



