Faridabad News | क्रेडिट कार्ड से ₹2 लाख की धोखाधड़ी : गुजरात से एक आरोपी गिरफ्तार | 5 दिन के पुलिस रिमांड पर

फरीदाबाद। क्रेडिट कार्ड से रकम निकालकर बैंक खाते में ट्रांसफर करने के नाम पर दो लाख रुपये की धोखाधड़ी के मामले में थाना कोतवाली पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान महाराष्ट्र निवासी सागर राजू गुंजाल के रूप में हुई है। पुलिस ने उसे 9 सितंबर को गुजरात से गिरफ्तार किया। अदालत ने आरोपी को पांच दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा है।
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार पलवल के ककड़ीपुर निवासी कपिल ने शिकायत दी थी कि उसे पैसों की जरूरत थी। इस दौरान उसने ऑनलाइन सर्च के माध्यम से Sunshine Payment Solution के बारे में जानकारी हासिल की और वहां मिले मोबाइल नंबर पर संपर्क किया।
शिकायतकर्ता के अनुसार संपर्क करने वाले व्यक्ति ने क्रेडिट कार्ड की रकम बैंक खाते में ट्रांसफर करने की सुविधा देने की बात कही। इसके बाद WhatsApp के माध्यम से संपर्क कर उसे फरीदाबाद में एक व्यक्ति से मिलने के लिए बुलाया गया।
कपिल ने शिकायत में आरोप लगाया कि फरीदाबाद पहुंचने के बाद उसके क्रेडिट कार्ड से एक-एक लाख रुपये की दो ट्रांजेक्शन के माध्यम से कुल दो लाख रुपये निकाल लिए गए, लेकिन यह रकम उसके बैंक खाते में जमा नहीं हुई। शिकायत के आधार पर थाना कोतवाली में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
पुलिस की प्रारंभिक जांच में सागर राजू गुंजाल के बैंक खाते में धोखाधड़ी के दो लाख रुपये आने की बात सामने आई। इसके बाद पुलिस ने आरोपी को गुजरात से गिरफ्तार कर लिया।
आरोपी को अदालत में पेश किया गया, जहां से आगामी पूछताछ के लिए पांच दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। पुलिस मामले में अन्य लोगों की भूमिका और रकम से जुड़े तथ्यों की जांच कर रही है।
Editor: नितिन यादव



