Faridabad News | फोन हैक कर ₹73 हजार की ठगी : देहरादून से आरोपी गिरफ्तार | कोर्ट ने भेजा जेल

फरीदाबाद। फोन हैक कर एक व्यक्ति के बैंक खाते से 73 हजार रुपये की साइबर ठगी के मामले में साइबर थाना एनआईटी की टीम ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान 22 वर्षीय प्रियांशु निवासी विकास नगर, देहरादून, उत्तराखंड के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी को 5 सितंबर को देहरादून से गिरफ्तार किया और अदालत में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया।
मामला डबुआ कॉलोनी निवासी एक व्यक्ति से जुड़ा है। शिकायत के अनुसार 4 जुलाई 2026 को उसका फोन हैक हो गया था। इसके बाद उसके बैंक खाते से 73 हजार रुपये निकल गए। खाते से रकम कटने की जानकारी मिलने पर पीड़ित ने साइबर थाना एनआईटी में शिकायत दी।
शिकायत के आधार पर साइबर थाना एनआईटी में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। जांच के दौरान साइबर पुलिस ने मामले से जुड़े मोबाइल नंबर और अन्य उपलब्ध जानकारियों की पड़ताल की।
प्रारंभिक जांच में सामने आया कि शिकायतकर्ता के पास जिस मोबाइल नंबर से कॉल की गई थी, वह सिम आरोपी प्रियांशु के नाम से जुड़ी मिली। इसके बाद पुलिस ने जांच आगे बढ़ाते हुए आरोपी की पहचान की और उसे देहरादून से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार आरोपी प्रियांशु 10वीं पास है और फिलहाल बेरोजगार है। मामले में आरोपी की भूमिका और साइबर ठगी से जुड़े अन्य पहलुओं को लेकर जांच की गई। कानूनी कार्रवाई पूरी करने के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
साइबर पुलिस ने लोगों से अनजान कॉल, संदिग्ध लिंक और ऑनलाइन माध्यम से मांगी जाने वाली बैंकिंग जानकारी को लेकर सावधान रहने की अपील की है। साइबर ठगी होने पर तुरंत राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत की जा सकती है।
Editor: नितिन यादव



