Faridabad News | ऑनलाइन लोन के नाम पर ₹38 हजार की ठगी : एक और आरोपी गिरफ्तार | अब तक 9 की गिरफ्तारी

फरीदाबाद। ऑनलाइन लोन दिलाने का झांसा देकर सेक्टर-9 निवासी व्यक्ति से 38 हजार रुपये की साइबर ठगी के मामले में साइबर थाना बल्लभगढ़ की टीम ने एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान राजस्थान के श्रीगंगानगर निवासी कपिल ग्रोवर के रूप में हुई है। इस मामले में अब तक कुल नौ आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है।
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार साइबर थाना बल्लभगढ़ की टीम ने कपिल ग्रोवर को 7 सितंबर को राजस्थान से गिरफ्तार किया था। आरोपी को अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे तीन दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है।
शिकायत के अनुसार सेक्टर-9 निवासी व्यक्ति को ऑनलाइन माध्यम से 15 लाख रुपये का लोन दिलाने का झांसा दिया गया था। आरोप है कि अलग-अलग शुल्क के नाम पर शिकायतकर्ता से कुल 38 हजार रुपये विभिन्न बैंक खातों में जमा करवाए गए। इसके बाद भी रकम की मांग जारी रहने पर शिकायतकर्ता को ठगी का संदेह हुआ और उसने पुलिस को शिकायत दी।
शिकायत के आधार पर साइबर थाना बल्लभगढ़ में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस ने साइबर ठगी में इस्तेमाल बैंक खातों और अन्य तथ्यों की जांच करते हुए इस मामले से जुड़े कई आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार किया था।
पुलिस की प्रारंभिक जांच के अनुसार कपिल एक फाइनेंस बैंक में कार्यरत है। पुलिस का आरोप है कि उसने मामले से जुड़े अन्य लोगों के बीच संपर्क कराने और बैंक खातों से संबंधित जानकारी साझा करने में भूमिका निभाई। उसकी भूमिका और मामले से जुड़े अन्य तथ्यों की जांच की जा रही है।
पुलिस के मुताबिक रोहित और मोहित सहित आठ आरोपियों को इससे पहले गिरफ्तार किया जा चुका है। कपिल ग्रोवर की गिरफ्तारी के साथ मामले में गिरफ्तार आरोपियों की संख्या नौ हो गई है। पुलिस रिमांड के दौरान मामले में उसकी भूमिका को लेकर आगे की पूछताछ की जा रही है।
Editor: नितिन यादव



