Faridabad News | फोन हैक कर 1.95 लाख की साइबर ठगी : जम्मू से खाताधारक गिरफ्तार

सेक्टर-21C निवासी एक व्यक्ति का मोबाइल फोन हैक कर उसके बैंक खाते से 1 लाख 95 हजार रुपये की साइबर ठगी के मामले में साइबर थाना NIT की टीम ने एक आरोपी को जम्मू से गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान 28 वर्षीय रोहित निवासी जम्मू के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार आरोपी के बैंक खाते में ठगी की रकम में से 97 हजार रुपये ट्रांसफर हुए थे।
पुलिस के मुताबिक सेक्टर-21C निवासी व्यक्ति ने साइबर थाना NIT में शिकायत दी थी कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने उसका मोबाइल फोन हैक कर बैंक खाते से 1 लाख 95 हजार रुपये निकाल लिए। शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान पुलिस टीम ने ठगी की रकम के बैंकिंग लेन-देन की कड़ियों को खंगाला। इस दौरान उस बैंक खाते की पहचान हुई, जिसमें ठगी की रकम का एक हिस्सा ट्रांसफर किया गया था।
पुलिस जांच में सामने आया कि यह बैंक खाता रोहित के नाम पर है और इसमें साइबर ठगी की रकम में से 97 हजार रुपये आए थे। बैंकिंग ट्रांजेक्शन और अन्य तकनीकी जानकारी के आधार पर पुलिस आरोपी तक पहुंची और उसे 24 अगस्त को जम्मू से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार रोहित 12वीं पास है और जम्मू में लोन रिकवरी का काम करता है। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
फरीदाबाद पुलिस का कहना है कि साइबर ठगी के मामलों में उन बैंक खातों की भी जांच की जा रही है, जिनका इस्तेमाल ठगी की रकम प्राप्त करने या आगे ट्रांसफर करने के लिए किया जाता है। तकनीकी और बैंकिंग साक्ष्यों के आधार पर रकम के लेन-देन की कड़ियों को जोड़कर संबंधित लोगों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है।
पुलिस ने आमजन से अपील की है कि मोबाइल फोन, बैंक खाते, एटीएम या डेबिट कार्ड, इंटरनेट बैंकिंग और यूपीआई से जुड़ी गोपनीय जानकारी किसी अनजान व्यक्ति के साथ साझा न करें। किसी अनजान व्यक्ति की ओर से भेजे गए संदिग्ध लिंक, एप्लीकेशन या फाइल को डाउनलोड करने से भी बचें।
पुलिस के अनुसार साइबर ठगी होने पर बिना देरी साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज करानी चाहिए, ताकि समय रहते संबंधित रकम को फ्रीज कराने की कार्रवाई की जा सके।



