Faridabad News | टैक्स ऑडिट पर विशेषज्ञों ने किया मंथन : सीए नितिन कंवर ने बताए व्यावहारिक पहलू | कानूनी अपडेट पर जोर

फरीदाबाद। इनकम टैक्स बार एसोसिएशन की ओर से नीलम बाटा रोड स्थित होटल डिलाइट सरोवर पोर्टिको में ‘नॉन-कॉरपोरेट फाइनेंशियल रिपोर्टिंग एंड टैक्स ऑडिट: ए प्रैक्टिकल अप्रोच’ विषय पर सेमिनार आयोजित किया गया। इसमें शहर के चार्टर्ड अकाउंटेंट्स और टैक्स अधिवक्ताओं ने भाग लिया।
सेमिनार के मुख्य वक्ता सीए नितिन कंवर ने नॉन-कॉरपोरेट संस्थाओं की फाइनेंशियल रिपोर्टिंग और टैक्स ऑडिट से जुड़े विभिन्न पहलुओं की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि बदलते नियमों के बीच टैक्स ऑडिट की बारीकियों और व्यावहारिक पहलुओं को समझना पेशेवरों के लिए जरूरी है।
सीए नितिन कंवर ने नई गाइडलाइंस के अनुरूप काम करने और ऑडिट रिपोर्ट तैयार करते समय आवश्यक सावधानियों पर भी चर्चा की। उन्होंने कहा कि नियमों की सही जानकारी से त्रुटियों की संभावना कम करने के साथ क्लाइंट्स को अधिक पारदर्शी और बेहतर सेवाएं देने में मदद मिलती है।
फरीदाबाद इनकम टैक्स बार एसोसिएशन के अध्यक्ष सीए आरुष गुप्ता ने कहा कि एसोसिएशन का उद्देश्य अपने सदस्यों को कानूनी बदलावों और तकनीकी जानकारियों से लगातार अपडेट रखना है। इसके लिए समय-समय पर सेमिनार और वर्कशॉप आयोजित की जाती हैं। उन्होंने कहा कि पेशेवर क्षेत्र में निरंतर सीखना महत्वपूर्ण है।
कार्यक्रम के दौरान हाल में जन्मदिन वाले एसोसिएशन सदस्यों को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया। स्वास्थ्य जागरूकता के तहत डॉ. अग्रवाल आई हॉस्पिटल की टीम ने आंखों की देखभाल और सुरक्षा से संबंधित जानकारी साझा की। टीम की ओर से एसोसिएशन सदस्यों के लिए रियायती आई टेस्ट की घोषणा भी की गई।
सेमिनार में एसोसिएशन के उपाध्यक्ष सीए हेमंत खत्री, सचिव सीए विजय कुमार, संयुक्त सचिव सह कोषाध्यक्ष सीए उज्जवल चौधरी, एडवोकेट उमेश कुमार, सीए उमेश कुमार जिंदल, एडवोकेट दीपक जोशी, एडवोकेट संजय मट्टा, सीए तरुण गुप्ता और सीए अजय गुप्ता सहित एसोसिएशन के सदस्य मौजूद रहे। मंच संचालन और धन्यवाद ज्ञापन सचिव सीए विजय कुमार ने किया।
Editor: नितिन यादव



