Faridabad News | HSNCB का नशा तस्करों पर शिकंजा : 13 NDPS केस में 17 आरोपी गिरफ्तार | एक विदेशी नागरिक भी शामिल

हरियाणा स्टेट नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (HSNCB) की फरीदाबाद, गुरुग्राम और रेवाड़ी यूनिट ने अगस्त माह के दौरान नशीले पदार्थों की तस्करी और अवैध कारोबार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए NDPS एक्ट के तहत कुल 13 मामले दर्ज कर 17 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में एक विदेशी नागरिक भी शामिल है। तीनों यूनिट ने अलग-अलग कार्रवाई में गांजा, स्मैक, कोकीन, MDMA, हेरोइन, डोडा-चूरा पोस्त और प्रतिबंधित दवाएं बरामद करने का दावा किया है।
हरियाणा सरकार की नशामुक्त प्रदेश नीति के तहत अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक एवं HSNCB प्रमुख संजय कुमार, IPS के दिशा-निर्देशन और पुलिस उप-महानिरीक्षक राजेंद्र कुमार मीणा, IPS के नेतृत्व में अगस्त के दौरान तीनों यूनिट ने प्रवर्तन कार्रवाई के साथ नशे के खिलाफ जागरूकता अभियान भी चलाया।
HSNCB के अनुसार अगस्त में तीनों यूनिट की ओर से 11 जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। इन कार्यक्रमों के माध्यम से विद्यार्थियों, युवाओं और आमजन सहित 1675 से अधिक लोगों तक नशे से दूर रहने का संदेश पहुंचाया गया। अधिकारियों ने लोगों को नशीले पदार्थों के दुष्परिणामों और नशा तस्करी से संबंधित जानकारी संबंधित एजेंसियों तक पहुंचाने के लिए भी जागरूक किया।
नशीले पदार्थों की तलाश और संदिग्ध स्थानों की जांच को प्रभावी बनाने के लिए प्रशिक्षित नार्को डॉग स्क्वॉड की भी मदद ली गई। अगस्त में फरीदाबाद और रेवाड़ी क्षेत्र में नार्को डॉग की सहायता से कुल छह विशेष जांच अभियान चलाए गए।
फरीदाबाद की राहुल कॉलोनी में भी नार्को डॉग की मदद से विशेष जांच की गई। ब्यूरो के मुताबिक सार्वजनिक स्थानों, होटल-ढाबों और संवेदनशील क्षेत्रों में संदिग्ध वस्तुओं तथा नशीले पदार्थों की संभावित मौजूदगी की जांच की गई।
फरीदाबाद यूनिट ने अगस्त के दौरान चार मामले दर्ज कर सात आरोपियों को गिरफ्तार किया। कार्रवाई के दौरान 344 ग्राम गांजा, ट्रामाडॉल एवं अल्प्राजोलम की 6246 से अधिक टैबलेट और कैप्सूल, 40 ग्राम स्मैक तथा 5.744 किलोग्राम डोडा-चूरा पोस्त बरामद करने की जानकारी दी गई है।
फरीदाबाद यूनिट ने मामलों की जांच के दौरान संभावित अंतरराज्यीय कनेक्शन की भी पड़ताल की। इसी सिलसिले में उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर और अलीगढ़ क्षेत्रों में चार स्थानों पर कार्रवाई की गई। ब्यूरो के अनुसार इन कार्रवाइयों के दौरान दो अन्य आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
गुरुग्राम यूनिट ने अगस्त में NDPS एक्ट के तहत छह मामले दर्ज किए और सात आरोपियों को गिरफ्तार किया। इनमें एक विदेशी नागरिक भी शामिल है। इन मामलों में 43.26 ग्राम कोकीन, 82.97 ग्राम MDMA और सात ग्राम हेरोइन बरामद करने का दावा किया गया है।
रेवाड़ी यूनिट ने नशीले पदार्थों से संबंधित तीन मामले दर्ज कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। कार्रवाई के दौरान आठ बोतल कोडीन सिरप, 1920 ट्रामाडॉल कैप्सूल और 7.12 ग्राम स्मैक बरामद करने की जानकारी दी गई है।
इस तरह तीनों यूनिट ने अगस्त के दौरान कुल 13 मामले दर्ज किए। फरीदाबाद में चार, गुरुग्राम में छह और रेवाड़ी में तीन मामले दर्ज हुए। इन कार्रवाइयों में कुल 17 आरोपियों की गिरफ्तारी की गई।
डीआईजी राजेंद्र कुमार मीणा, IPS ने कहा कि नशे के खिलाफ HSNCB की रणनीति केवल नशा तस्करों की गिरफ्तारी तक सीमित नहीं है। ब्यूरो नशीले पदार्थों की सप्लाई चेन की पहचान कर उससे जुड़े लोगों तक पहुंचने के साथ युवाओं और आमजन को नशे के खिलाफ जागरूक करने पर भी काम कर रहा है।
उन्होंने कहा कि प्रवर्तन कार्रवाई में नार्को डॉग स्क्वॉड जैसे प्रशिक्षित संसाधनों के इस्तेमाल से जांच को अधिक प्रभावी बनाने का प्रयास किया जा रहा है। नशामुक्त हरियाणा के लक्ष्य के लिए कानून प्रवर्तन एजेंसियों के साथ समाज की सक्रिय भागीदारी भी आवश्यक है।
HSNCB के मुताबिक दर्ज मामलों में गिरफ्तार आरोपियों के फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंकेज की जांच की जा रही है। इसके माध्यम से यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि नशीले पदार्थ कहां से लाए गए और आगे किन लोगों तक पहुंचाए जाने थे। संभावित अंतरराज्यीय कनेक्शन की भी जांच जारी है।
HSNCB ने आमजन से नशीले पदार्थों की बिक्री, तस्करी अथवा वितरण से संबंधित जानकारी मिलने पर पुलिस या ब्यूरो को सूचना देने की अपील की है। इसके लिए MANAS हेल्पलाइन 1933 और HSNCB हेल्पलाइन 90508-91508 पर जानकारी दी जा सकती है। ब्यूरो के अनुसार सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।



