Faridabad News | पॉलिसी बंद कराने के नाम पर ₹39,329 की ठगी : खाताधारक समेत 2 गिरफ्तार | भेजे जेल

क्रेडिट कार्ड पर इंश्योरेंस पॉलिसी डीएक्टिवेट करने के नाम पर बल्लभगढ़ निवासी एक व्यक्ति से 39 हजार 329 रुपये की साइबर ठगी के मामले में साइबर थाना बल्लभगढ़ की टीम ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान दिल्ली निवासी शोएब (25) और शेख दिलशाद अली (29) के रूप में हुई है। दोनों को अदालत में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया।
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार बल्लभगढ़ निवासी व्यक्ति ने शिकायत में बताया कि 9 दिसंबर 2025 को उसके पास एक अनजान नंबर से फोन आया था। कॉल करने वाले व्यक्ति ने उसके इंडसइंड बैंक के क्रेडिट कार्ड पर इंश्योरेंस पॉलिसी एक्टिव होने की बात कही और उसे बंद कराने के नाम पर अपनी बातों में उलझाया।
शिकायत के मुताबिक इसके बाद व्यक्ति से क्रेडिट कार्ड से संबंधित जानकारी हासिल की गई और उसके कार्ड से कुल 39 हजार 329 रुपये कट गए। ठगी का पता चलने पर पीड़ित ने पुलिस को शिकायत दी। शिकायत के आधार पर साइबर थाना बल्लभगढ़ में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया कि ठगी की रकम के लेन-देन में शोएब के बैंक खाते का इस्तेमाल हुआ था। पुलिस के अनुसार शोएब ने अपना बैंक खाता दिलशाद को उपलब्ध कराया था और दिलशाद ने इसे आगे साइबर ठगी करने वालों तक पहुंचाया था। शोएब के बैंक खाते में ठगी की रकम में से 10 हजार रुपये आने की बात भी जांच में सामने आई है।
पुलिस के मुताबिक शोएब चौथी कक्षा तक पढ़ा है, जबकि दिलशाद दसवीं पास है और ट्रेवल एजेंट का काम करता है। दोनों एक-दूसरे के परिचित हैं। साइबर थाना बल्लभगढ़ पुलिस मामले से जुड़े अन्य लोगों और रकम के लेन-देन की जांच कर रही है।
Editor: शिवानी राजपूत



