Faridabad News | भाई बनकर युवती से ₹99,948 की ठगी : कॉलर समेत 2 आरोपी गिरफ्तार | कोर्ट ने भेजा जेल

फोन पर भाई बनकर युवती से 99 हजार 948 रुपये की साइबर ठगी करने के मामले में साइबर थाना NIT की टीम ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान राजस्थान के अलवर निवासी अजय कुमार (26) और अमरजीत (31) के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों को 4 सितंबर को फिरोजपुर झिरका और अलवर से गिरफ्तार किया।
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार सेक्टर-56 निवासी एक व्यक्ति ने साइबर थाना NIT में शिकायत दी थी। शिकायत में बताया कि उसका फोन घर पर रहता है। 25 जुलाई 2026 को फोन पर एक अनजान नंबर से कॉल आई, जिसे उसकी बेटी ने उठाया। कॉल करने वाले व्यक्ति ने खुद को युवती का भाई बताया और रुपये ट्रांसफर करने के लिए कहा।
शिकायत के मुताबिक कॉल करने वाले व्यक्ति की बातों पर भरोसा कर युवती ने पहले रुपये भेजे। इसके बाद आरोपी ने रकम नहीं मिलने की बात कहकर दोबारा पैसे भेजने के लिए कहा। इस तरह युवती ने अलग-अलग ट्रांजेक्शन के माध्यम से कुल 99 हजार 948 रुपये भेज दिए। बाद में ठगी का पता चलने पर मामले की शिकायत साइबर थाना NIT में की गई।
शिकायत के आधार पर साइबर थाना NIT में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। जांच के दौरान फोन कॉल और उससे जुड़े रिकॉर्ड की पड़ताल करते हुए पुलिस आरोपियों तक पहुंची।
प्रारंभिक जांच में सामने आया कि आरोपी अजय कुमार ने युवती को उसका भाई बनकर फोन किया था। जिस मोबाइल नंबर से कॉल की गई, वह सिम अमरजीत के नाम पर पंजीकृत मिली। पुलिस दोनों आरोपियों की मामले में भूमिका की जांच कर रही है।
पुलिस के अनुसार दोनों आरोपी खेतीबाड़ी का काम करते हैं। गिरफ्तारी के बाद दोनों को अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया है। मामले में आगे की जांच जारी है।
Editor: शिवानी राजपूत



