Faridabad News | ऐप डाउनलोड करने के बाद ₹95 हजार की साइबर ठगी : एक आरोपी गिरफ्तार | 4 दिन के पुलिस रिमांड पर

फरीदाबाद। बल्लभगढ़ में एक व्यक्ति के बैंक खाते से 95 हजार रुपये की साइबर ठगी के मामले में साइबर अपराध थाना बल्लभगढ़ की टीम ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर जिले के बिलायत नगर गांव निवासी पियुष कुमार के रूप में हुई है। अदालत ने आरोपी को चार दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा है।
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार भाटिया कॉलोनी, बल्लभगढ़ निवासी व्यक्ति ने शिकायत दी थी कि उसने 30 नवंबर 2025 को अपने मोबाइल फोन में Fam App डाउनलोड किया था। इसके बाद उसके बैंक खाते से तीन अलग-अलग ट्रांजेक्शन में कुल 95 हजार रुपये निकल गए।
शिकायतकर्ता के अनुसार खाते से पहले 50 हजार रुपये, फिर 40 हजार रुपये और इसके बाद 5 हजार रुपये का ट्रांजेक्शन हुआ। शिकायत के आधार पर साइबर अपराध थाना बल्लभगढ़ में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
पुलिस जांच के दौरान पियुष कुमार की भूमिका सामने आने पर उसे गिरफ्तार किया गया। पुलिस के अनुसार पूछताछ में सामने आया है कि आरोपी ने अपने ही गांव के रहने वाले दिपांशु का बैंक खाता लेकर आगे उपलब्ध कराया था। पुलिस का कहना है कि इसी खाते में ठगी के 95 हजार रुपये आए थे।
गिरफ्तारी के बाद आरोपी को अदालत में पेश किया गया। अदालत ने उसे चार दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर मामले में अन्य लोगों की भूमिका और ठगी की रकम से जुड़े तथ्यों की जांच कर रही है।
Editor: नितिन यादव



