Bhiwani News | बवानीखेड़ा को ₹78 करोड़ की सौगात : CM सैनी ने की बड़ी घोषणाएं | अस्पताल-स्टेडियम का होगा विस्तार
भिवानी। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने रविवार को भिवानी जिले के बवानीखेड़ा हलके में आयोजित विकास संकल्प जनसभा में क्षेत्र के लिए विकास योजनाओं का पिटारा खोला। मुख्यमंत्री ने करीब 78 करोड़ रुपये की लागत वाली सात विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। इनमें 24 करोड़ 91 लाख रुपये की तीन परियोजनाओं का शिलान्यास और 53 करोड़ एक लाख रुपये की लागत से पूरी हुई चार परियोजनाओं का लोकार्पण शामिल है।
विकास संकल्प रैली का आयोजन बवानीखेड़ा विधायक कपूर सिंह वाल्मीकि की ओर से किया गया। विधायक ने मुख्यमंत्री के सामने बवानीखेड़ा हलके से संबंधित विभिन्न विकास मांगें रखीं। मुख्यमंत्री ने कई मांगों को स्वीकार करते हुए स्वास्थ्य, खेल, बिजली, शिक्षा, सड़क और ग्रामीण विकास से जुड़े नए प्रोजेक्ट की घोषणा की।

मुख्यमंत्री ने बवानीखेड़ा के नागरिक अस्पताल का विस्तार करने की घोषणा करते हुए कहा कि करीब 50 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत से यहां 50 अतिरिक्त बिस्तरों की व्यवस्था की जाएगी। अस्पताल के विस्तार के साथ आधुनिक चिकित्सा सुविधाएं और आवश्यक उपकरण भी उपलब्ध करवाए जाएंगे। इससे बवानीखेड़ा और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को स्थानीय स्तर पर बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने का लक्ष्य रखा गया है।
खेल सुविधाओं को बढ़ाने के लिए मुख्यमंत्री ने बवानीखेड़ा शहर में 15 करोड़ रुपये की लागत से महर्षि वाल्मीकि स्टेडियम बनाने की घोषणा की। इसके साथ ही शहर में 10 करोड़ रुपये की लागत से नया पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस बनाने की बात कही। बवानीखेड़ा कस्बे में जमीन उपलब्ध होने पर नई सब्जी मंडी का निर्माण भी करवाया जाएगा।

बिजली व्यवस्था को मजबूत करने के लिए गांव रेवाड़ी खेड़ा में 16 करोड़ 50 लाख रुपये की लागत से 33 केवी सब-स्टेशन स्थापित किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि सब-स्टेशन के लिए पंचायत के पास जमीन उपलब्ध है। इसके बनने से क्षेत्र की बिजली व्यवस्था को मजबूत करने में मदद मिलेगी।
शिक्षा के क्षेत्र में गांव खरक में प्रस्तावित महिला कॉलेज के निर्माण का मुद्दा भी रैली में उठा। मुख्यमंत्री ने महिला कॉलेज का निर्माण कार्य जल्द शुरू करवाने की बात कही। इससे क्षेत्र की छात्राओं को उच्च शिक्षा के लिए बेहतर सुविधा उपलब्ध होने की उम्मीद है।

बवानीखेड़ा को उपमंडल का दर्जा दिए जाने की मांग पर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि वर्ष 2028 में परिसीमन प्रक्रिया पूरी होने के बाद बवानीखेड़ा को उपमंडल बनाने की दिशा में आगे बढ़ा जाएगा। उन्होंने कहा कि हलके के विकास में किसी प्रकार की कमी नहीं रहने दी जाएगी।
ग्रामीण बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए मुख्यमंत्री ने गांव बलियाली और जमालपुर-2 में 90-90 लाख रुपये की लागत से ग्राम सचिवालय बनाने की मंजूरी देने की घोषणा की। इसके अलावा गांव बड़सी गुजरान में 90 लाख रुपये की लागत से बहुउद्देशीय हॉल बनाया जाएगा।
सड़क नेटवर्क में सुधार के लिए भी बड़ी राशि खर्च करने की घोषणा की गई। मुख्यमंत्री ने कहा कि पीडब्ल्यूडी और मार्केटिंग बोर्ड से संबंधित 96.5 किलोमीटर लंबी 47 सड़कों की 55 करोड़ 45 लाख रुपये की लागत से विशेष मरम्मत करवाई जाएगी। इसके अलावा करीब 25 किलोमीटर लंबे खेत-खलिहान के कच्चे रास्तों को पक्का किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने बवानीखेड़ा हलके के सभी गांवों में विभिन्न विकास कार्यों के लिए पांच करोड़ रुपये की अतिरिक्त राशि मंजूर करने की घोषणा भी की। उन्होंने कहा कि गांवों में जरूरत के अनुसार इस राशि से विकास कार्य करवाए जाएंगे।
अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार पर भी निशाना साधा। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस के 10 वर्ष के कार्यकाल में बवानीखेड़ा हलके के विकास पर 609 करोड़ रुपये खर्च हुए थे, जबकि मौजूदा सरकार के पिछले 10 से 12 वर्षों में क्षेत्र के विकास पर 1,446 करोड़ 38 लाख रुपये खर्च किए गए हैं।
मुख्यमंत्री ने जनसभा में दावा किया कि बवानीखेड़ा विधानसभा क्षेत्र के लिए सरकार की ओर से अब तक की गई 207 घोषणाओं में से 182 पूरी हो चुकी हैं। उन्होंने कहा कि सरकार क्षेत्र में विकास कार्यों को आगे बढ़ाने और बाकी परियोजनाओं को पूरा करने की दिशा में काम कर रही है।
कार्यक्रम में महिला एवं बाल विकास तथा सिंचाई मंत्री श्रुति चौधरी, पूर्व राज्यसभा सांसद किरण चौधरी, सांसद धर्मबीर सिंह, भिवानी विधायक घनश्याम सर्राफ, बवानीखेड़ा विधायक कपूर सिंह वाल्मीकि सहित अन्य मंत्री, विधायक, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने रैली में मिले स्वागत और पगड़ी पहनाकर दिए गए सम्मान के लिए लोगों का आभार जताया। उन्होंने कहा कि सरकार बवानीखेड़ा में स्वास्थ्य, शिक्षा, खेल, सड़क, बिजली और ग्रामीण बुनियादी सुविधाओं के विस्तार पर काम जारी रखेगी।
Editor: नितिन यादव



