Satnali News | मंदिरों में श्रद्धा से मनाई जन्माष्टमी : आकर्षक झांकियों ने मोहा मन | आधी रात गूंजे जयकारे

सतनाली। कस्बे में भगवान श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ मनाया गया। जन्माष्टमी को लेकर मंदिरों में विशेष सजावट और धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। लक्ष्मी नारायण मंदिर और खाटूश्याम मंदिर में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने पहुंचकर पूजा-अर्चना की और भगवान श्रीकृष्ण का आशीर्वाद लिया।
भैरवनाथ मंदिर में भगवान श्रीकृष्ण की आकर्षक झांकी सजाई गई, जो श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रही। शाम से ही मंदिरों में श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया। बच्चों और महिलाओं में भी जन्माष्टमी को लेकर विशेष उत्साह देखने को मिला।

श्रद्धालुओं ने भगवान श्रीकृष्ण को माखन-मिश्री, पंजीरी, फल और विभिन्न पकवानों का भोग लगाया। रात 12 बजे भगवान श्रीकृष्ण जन्मोत्सव के समय मंदिर परिसर जयकारों से गूंज उठे। श्रद्धालुओं ने आरती की, भगवान के बाल स्वरूप के दर्शन किए और प्रसाद ग्रहण किया।

भैरवनाथ मंदिर के प्रधान राजेंद्र शर्मा ने कहा कि जन्माष्टमी धार्मिक पर्व होने के साथ समाज को एकता के सूत्र में बांधने का अवसर भी है। उन्होंने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण और गीता का संदेश धर्म, सत्य, कर्म और न्याय के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है।

राजेंद्र शर्मा ने कहा कि समाज में आपसी प्रेम, भाईचारे और सामाजिक एकता को मजबूत करने की जरूरत है। उन्होंने लोगों से आपसी मतभेदों से ऊपर उठकर एक-दूसरे का सम्मान करने और सुख-दुख में साथ खड़े होने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि धार्मिक पर्वों के माध्यम से समाज में सद्भाव, सहयोग और भाईचारे की भावना मजबूत होनी चाहिए। उन्होंने क्षेत्रवासियों से भगवान श्रीकृष्ण के आदर्शों को जीवन में अपनाने और समाज में एकता एवं शांति बनाए रखने की अपील की।
जन्माष्टमी के अवसर पर कस्बे के मंदिरों में देर रात तक भक्तिमय माहौल बना रहा। श्रद्धालुओं ने भगवान श्रीकृष्ण के दर्शन कर सुख-समृद्धि की कामना की और धार्मिक कार्यक्रमों में भाग लिया।
Editor: नितिन यादव



