Ateli News | लंपी बीमारी को लेकर गौशाला में सतर्कता : बाहरी गौवंश के प्रवेश पर रोक | वैक्सीनेशन कराया

मंडी अटेली। गौवंश में लंपी बीमारी के मामलों को देखते हुए श्री कृष्ण बाल गोपाल गौशाला प्रबंधन ने एहतियात के तौर पर बाहर से आने वाले गौवंश के प्रवेश पर प्रतिबंध लगा दिया है। गौशाला प्रबंधन का कहना है कि बीमारी का प्रकोप रहने तक बाहरी गौवंश को गौशाला में प्रवेश नहीं दिया जाएगा।
गौशाला के मैनेजर बलबीर सिंह ने बताया कि फिलहाल गौशाला में मौजूद सभी गौवंश सुरक्षित हैं। लंपी बीमारी से बचाव के लिए पशुपालन विभाग की ओर से गौवंश का वैक्सीनेशन कराया गया है। बीमारी को फैलने से रोकने के लिए गौशाला स्तर पर भी आवश्यक सावधानियां बरती जा रही हैं।
उन्होंने बताया कि आसपास के गांवों में सरपंचों के माध्यम से मुनादी कराकर लोगों को भी इसकी जानकारी दी गई है। पशुपालकों से कहा गया है कि बीमारी का प्रकोप रहने तक वे अपने गौवंश को गौशाला में न लेकर आएं। गौशाला में मौजूद पशुओं को बीमारी से सुरक्षित रखने के लिए वैक्सीनेशन किया गया है।
पशु चिकित्सा विभाग की टीम गौशाला और क्षेत्र के पशुपालकों के पशुओं की नियमित जांच कर रही है। पशुओं के स्वास्थ्य पर नजर रखने के साथ बीमारी के लक्षण मिलने पर समय रहते उपचार की व्यवस्था करने की बात कही गई है।
पशु अस्पताल कांटी के डॉ. दलीप सिंह ने पशुपालकों से अपील की कि किसी पशु में लंपी बीमारी के लक्षण दिखाई देने पर उसे दूसरे पशुओं से अलग रखें और इसकी सूचना तुरंत पशु चिकित्सा विभाग को दें। उन्होंने पशुपालकों से बीमारी को लेकर सतर्क रहने और विभाग की सलाह के अनुसार पशुओं की देखभाल करने का आग्रह किया।
गौशाला प्रबंधन ने कहा कि स्थिति सामान्य होने तक बाहरी गौवंश के प्रवेश पर प्रतिबंध जारी रहेगा। साथ ही पशुओं के स्वास्थ्य और बीमारी से बचाव के लिए पशु चिकित्सा विभाग के साथ समन्वय बनाकर निगरानी की जाएगी।
Editor: नितिन यादव



