Narnaul News | लालच देकर ठगी से रहें सावधान : ज्यादा मुनाफे के झांसे में न आएं | लेन-देन से पहले करें पूरी जांच

कम समय में पैसा दोगुना करने, अधिक मुनाफा दिलाने, सस्ते दाम पर महंगा सामान उपलब्ध कराने या विशेष व्यापारिक अवसर देने जैसे लालच में फंसाकर लोगों की मेहनत की कमाई ठगने के मामले सामने आ रहे हैं। इसे देखते हुए महेंद्रगढ़ पुलिस ने आमजन को सतर्क किया है। पुलिस अधीक्षक दीपक कुमार ने कहा कि किसी भी व्यक्ति, संस्था या व्यापारिक प्रस्ताव पर भरोसा कर पैसे देने से पहले उसकी पूरी जांच जरूरी है।
पुलिस के अनुसार इस तरह की ठगी में कई बार किसी विशेष तकनीक का इस्तेमाल करने के बजाय लोगों का विश्वास जीतने का तरीका अपनाया जाता है। ठग पहले सामान्य बातचीत के जरिए व्यक्ति की जरूरत और रुचि को समझते हैं। इसके बाद अधिक लाभ या आकर्षक सौदे का प्रस्ताव देकर रुपये देने के लिए तैयार किया जाता है।
पुलिस का कहना है कि ठगी करने वाले कई बार सामने वाले व्यक्ति पर तुरंत निर्णय लेने का दबाव बनाते हैं। उसे बताया जाता है कि यदि तत्काल भुगतान नहीं किया तो बड़ा अवसर हाथ से निकल जाएगा। इसी जल्दबाजी में व्यक्ति प्रस्ताव की वास्तविकता, संबंधित व्यक्ति की पहचान और दस्तावेजों की जांच किए बिना भुगतान कर देता है।
महेंद्रगढ़ पुलिस के मुताबिक हाल के दिनों में अलग-अलग वस्तुओं और व्यापारिक अवसरों का लालच देकर ठगी के मामले सामने आए हैं। इनमें कछुए, कांच की ट्यूब और विशेष प्रजाति के चूहे के नाम पर रुपये लेने जैसे मामले शामिल हैं। इसके अलावा सोलर प्लेट के स्ट्रक्चर तथा खाद-बीज भंडार के लाइसेंस के नाम पर भी लोगों को विश्वास में लेकर रुपये ऐंठने के मामले सामने आए हैं।
पुलिस अधीक्षक दीपक कुमार ने कहा कि ठग लगातार अपने तरीके बदलते रहते हैं और व्यक्ति की जरूरत के हिसाब से आकर्षक प्रस्ताव सामने रखते हैं। ऐसे में केवल किसी की बात, दिखावे या ज्यादा मुनाफे के वादे के आधार पर आर्थिक लेन-देन नहीं करना चाहिए।
उन्होंने कहा कि यदि कोई व्यक्ति कम समय में अधिक लाभ, पैसा दोगुना करने, असामान्य रूप से कम कीमत पर महंगा सामान देने या किसी खास व्यापारिक अवसर के नाम पर तुरंत भुगतान करने के लिए कहता है तो पहले उसकी विश्वसनीयता की जांच की जाए। जल्दबाजी में लिया गया आर्थिक फैसला बड़े नुकसान का कारण बन सकता है।
महेंद्रगढ़ पुलिस ने लोगों से अपील की है कि बड़ा लेन-देन करने से पहले संबंधित व्यक्ति या व्यापारी की पहचान, व्यवसाय, पता, दस्तावेज, लाइसेंस और प्रस्ताव की वास्तविकता की स्वतंत्र रूप से पुष्टि करें। केवल मौखिक भरोसे के आधार पर रकम ट्रांसफर करने से बचें।
पुलिस ने यह भी सलाह दी कि बड़ी रकम का भुगतान करने से पहले परिवार के किसी सदस्य, विश्वसनीय व्यक्ति या संबंधित क्षेत्र के जानकार से सलाह जरूर लें। यदि किसी व्यापारिक प्रस्ताव या दस्तावेज को लेकर संदेह हो तो संबंधित विभाग से उसकी पुष्टि कराई जा सकती है।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि कोई व्यक्ति यदि बार-बार तत्काल भुगतान का दबाव बनाए, सौदे को गोपनीय रखने के लिए कहे या निश्चित रूप से बहुत ज्यादा मुनाफा मिलने का भरोसा दिलाए तो इसे खतरे का संकेत मानकर सतर्क हो जाना चाहिए।
महेंद्रगढ़ पुलिस ने आमजन से अपने परिवार और आसपास के लोगों को भी ऐसे ठगी के तरीकों के प्रति जागरूक करने की अपील की है। किसी संदिग्ध प्रस्ताव या ठगी की स्थिति में तत्काल पुलिस को सूचना देने को कहा गया है, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की ज
Editor: गरिमा बागोतिया



