Narnaul News | कांग्रेस का संगठनात्मक मंथन : चार विधानसभा क्षेत्रों से संवाद | बूथ मजबूती पर जोर

हरियाणा कांग्रेस के संगठनात्मक संवाद अभियान के पांचवें चरण के अंतिम दिन गुरुवार को एआईसीसी प्रभारी संजय दत्त और हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने नारनौल में पार्टी नेताओं एवं कार्यकर्ताओं के साथ संगठन को मजबूत करने को लेकर मंथन किया। इस दौरान महेंद्रगढ़ जिला कांग्रेस कमेटी की कार्यकारिणी की बैठक के साथ महेंद्रगढ़, नांगल चौधरी, अटेली और नारनौल विधानसभा क्षेत्रों के नेताओं एवं कार्यकर्ताओं के साथ अलग-अलग संवाद बैठकें आयोजित की गईं।
बैठकों में कांग्रेस संगठन को गांव, वार्ड और बूथ स्तर तक मजबूत करने, पार्टी के कार्यक्रमों को प्रभावी तरीके से जनता तक पहुंचाने और विधानसभा क्षेत्रवार संगठनात्मक गतिविधियों को गति देने पर चर्चा की गई। पार्टी नेतृत्व ने कार्यकर्ताओं से जमीनी स्तर पर सक्रिय रहने और स्थानीय समस्याओं को संगठन के माध्यम से प्रमुखता से उठाने का आह्वान किया।

बैठकों के दौरान स्थानीय नेताओं और कार्यकर्ताओं ने अपने-अपने क्षेत्रों से जुड़े विभिन्न मुद्दे एआईसीसी प्रभारी और प्रदेश अध्यक्ष के समक्ष रखे। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि पार्टी जनता से जुड़े सवालों को उठाने के साथ सरकार की नीतियों के खिलाफ लोकतांत्रिक तरीके से अपना पक्ष रखती रहेगी।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने किसानों और कर्मचारियों से जुड़े मुद्दों को उठाते हुए कहा कि प्रदेश में विभिन्न वर्गों को समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने महेंद्रगढ़ जिले में पटवारियों की हड़ताल के कारण खरीफ फसलों की विशेष गिरदावरी सहित राजस्व संबंधी कार्य प्रभावित होने का मुद्दा उठाया। उन्होंने दावा किया कि करीब 216 पटवारियों की हड़ताल के कारण इंतकाल, नकल और प्रमाण पत्र से जुड़े बड़ी संख्या में काम लंबित हैं। उन्होंने सरकार से कर्मचारियों की समस्याओं का समाधान कर किसानों और आम लोगों से जुड़े राजस्व कार्य सुचारू कराने की मांग की।

उन्होंने सफाई कर्मचारियों के आंदोलन का मुद्दा भी उठाया। राव नरेंद्र सिंह ने कहा कि सरकार को कर्मचारियों के साथ बातचीत कर उनकी मांगों का समाधान निकालना चाहिए। उन्होंने कहा कि महेंद्रगढ़-नारनौल क्षेत्र में कर्मचारियों के समर्थन में किसान एवं विभिन्न सामाजिक संगठन भी सामने आए हैं।
प्रदेश अध्यक्ष ने रोजगार और युवाओं से जुड़े मुद्दों पर कहा कि सरकारी भर्तियों तथा रोजगार के सवालों पर सरकार को स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए। उन्होंने हरियाणा कौशल रोजगार निगम से जुड़े कर्मचारियों और युवाओं के मुद्दों का भी उल्लेख करते हुए उनकी मांगों पर ध्यान देने की बात कही।
राव नरेंद्र सिंह ने कानून-व्यवस्था को लेकर भी सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस विधानसभा के मौजूदा मानसून सत्र में रोजगार, कानून-व्यवस्था, कर्मचारियों के आंदोलन, किसानों की समस्याओं, टैक्स और भ्रष्टाचार सहित जनहित से जुड़े विभिन्न मुद्दों को उठाएगी।
उन्होंने ‘चंदा चोरी’ के मुद्दे और जंतर-मंतर पर युवाओं से जुड़े घटनाक्रम को लेकर भी सरकार पर निशाना साधा। राव नरेंद्र सिंह ने आरोप लगाया कि कांग्रेस के प्रदर्शन के दौरान नेता प्रतिपक्ष एवं कांग्रेस विधायकों के साथ पुलिस ने धक्का-मुक्की की और कई विधायकों को चोटें आईं। उन्होंने इसे लोकतांत्रिक अधिकारों से जुड़ा गंभीर मामला बताते हुए कहा कि विपक्ष को शांतिपूर्ण तरीके से अपनी बात रखने का अधिकार है।
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि युवाओं की रोजगार और अधिकारों से जुड़ी समस्याओं का समाधान किया जाना चाहिए। कांग्रेस किसानों, कर्मचारियों, युवाओं और आम जनता से जुड़े मुद्दों को सदन से लेकर सड़क तक उठाती रहेगी।
एआईसीसी प्रभारी संजय दत्त ने कहा कि संगठनात्मक संवाद अभियान का उद्देश्य केवल बैठकें आयोजित करना नहीं, बल्कि कांग्रेस संगठन को जमीनी स्तर पर सक्रिय बनाना है। इसके लिए गांव, वार्ड और बूथ स्तर तक कार्यकर्ताओं के बीच समन्वय और जनता से निरंतर संपर्क जरूरी है।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठनात्मक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी करने और आम लोगों से सीधा संवाद बनाए रखने का आह्वान किया। संजय दत्त ने कहा कि कार्यकर्ता स्थानीय मुद्दों और जनता की समस्याओं को पार्टी संगठन तक पहुंचाएं, ताकि उन्हें प्रभावी तरीके से उठाया जा सके।
नारनौल में आयोजित बैठकों के साथ कांग्रेस के संगठनात्मक संवाद अभियान के पांचवें चरण का समापन हुआ। इस चरण में विभिन्न जिलों एवं विधानसभा क्षेत्रों के नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ संगठन की जमीनी स्थिति, स्थानीय समस्याओं और आगामी कार्यक्रमों को लेकर विचार-विमर्श किया गया।
इस अवसर पर महेंद्रगढ़ जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सत्यवीर झुकिया, पूर्व सीपीएस अनीता यादव, हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कोऑर्डिनेशन एवं कनेक्ट सेंटर के इंचार्ज दीपक लाम्बा सहित पार्टी के अन्य नेता और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।



