Ateli News | पटवारियों के आंदोलन को मिला समर्थन : श्रमिक संगठन धरने पर पहुंचे | सरकार से वार्ता की मांग

राजस्व पटवार एवं कानूनगो एसोसिएशन जिला महेंद्रगढ़ की ओर से चलाए जा रहे अनिश्चितकालीन आंदोलन को विभिन्न श्रमिक संगठनों का समर्थन मिला है। एआईयूटीयूसी और बिजली उपभोक्ता मंच हरियाणा के पदाधिकारियों ने धरनास्थल पर पहुंचकर पटवारियों के आंदोलन के साथ एकजुटता जताई।
एआईयूटीयूसी के जिला प्रधान मास्टर सुबे सिंह और बिजली उपभोक्ता मंच हरियाणा के जिला प्रधान डॉ. राजेंद्र प्रसाद खरब धरनास्थल पर पहुंचे। दोनों नेताओं ने पटवारियों की मांगों का समर्थन करते हुए सरकार से जल्द बातचीत कर समस्या का समाधान निकालने की मांग की।
श्रमिक नेताओं ने कहा कि पटवारियों की हड़ताल के कारण आम लोगों को राजस्व से संबंधित कार्य करवाने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। जमीनों की रजिस्ट्री, इंतकाल और फर्द सहित विभिन्न राजस्व कार्य प्रभावित हो रहे हैं।
उन्होंने कहा कि सरकार को पटवारियों की मांगों पर गंभीरता से विचार करते हुए बातचीत की पहल करनी चाहिए। लंबे समय तक आंदोलन चलने से कर्मचारियों के साथ आम लोगों की परेशानी भी बढ़ती है।
दोनों संगठनों के नेताओं ने सरकार से जनहित को ध्यान में रखते हुए सौहार्दपूर्ण माहौल में पटवारियों के प्रतिनिधियों के साथ वार्ता करने की मांग की। उन्होंने कहा कि बातचीत के माध्यम से जल्द समाधान निकाला जाए, ताकि राजस्व संबंधी कार्य सामान्य हो सकें और लोगों को राहत मिले।
पटवारियों ने भी समर्थन देने पहुंचे श्रमिक संगठनों के पदाधिकारियों का आभार जताया। आंदोलन से जुड़े पदाधिकारियों का कहना है कि मांगों का समाधान होने तक उनका संघर्ष जारी रहेगा।



