Narnaul News | ऑटो-टैक्सी चालकों को यातायात नियमों की जानकारी : ड्रेस कोड का पालन करने के निर्देश | लापरवाही पर होगी कार्रवाई

जिला महेंद्रगढ़ में सड़क सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए पुलिस की ओर से जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसी के तहत एसएचओ ट्रैफिक निरीक्षक भगत सिंह ने ऑटो-रिक्शा और टैक्सी चालकों के साथ बैठक कर उन्हें यातायात नियमों, सड़क सुरक्षा और निर्धारित ड्रेस कोड के बारे में जानकारी दी।
पुलिस अधीक्षक दीपक कुमार के निर्देश पर आयोजित बैठक में चालकों को ड्यूटी के दौरान निर्धारित यूनिफॉर्म पहनने और यातायात नियमों का पालन करने के निर्देश दिए गए। उन्हें निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने, सही साइड में चलने और सवारियों को निर्धारित स्थान पर ही बैठाने व उतारने के लिए कहा गया।

पुलिस ने चालकों को ड्राइविंग लाइसेंस, आरसी और इंश्योरेंस सहित वाहन से संबंधित आवश्यक दस्तावेज साथ रखने के निर्देश दिए। इसके अलावा वाहन की निर्धारित क्षमता से अधिक सवारियां नहीं बैठाने और यात्रियों के साथ शालीन एवं सम्मानजनक व्यवहार करने के लिए भी कहा गया।
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि सार्वजनिक परिवहन से जुड़े चालकों की जिम्मेदारी केवल यात्रियों को गंतव्य तक पहुंचाने तक सीमित नहीं है। उन्हें सड़क पर अन्य वाहन चालकों और राहगीरों की सुरक्षा का भी ध्यान रखना चाहिए।
महेंद्रगढ़ पुलिस ने स्पष्ट किया कि यातायात नियमों का उल्लंघन करने या वाहन चलाते समय लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने आमजन से भी निर्धारित गति सीमा और यातायात नियमों का पालन करने की अपील की है।
Editor: शिवानी राजपूत



