Narnaul News | लाडो लक्ष्मी योजना का बढ़ेगा दायरा : महेंद्रगढ़ में 46,709 नई महिलाएं होंगी पात्र | 25 सितंबर से आवेदन

हरियाणा सरकार लाडो लक्ष्मी योजना का दायरा बढ़ाने जा रही है। परिवार पहचान पत्र के स्टेट कोऑर्डिनेटर डॉ. सतीश खोला के अनुसार योजना के लिए निर्धारित वार्षिक आय सीमा एक लाख रुपये से बढ़ाकर 1.80 लाख रुपये की जा रही है। इससे महेंद्रगढ़ जिले में 46,709 नई महिलाएं योजना के दायरे में आएंगी।
डॉ. सतीश खोला ने गुरुवार को नमो कार्यालय में परिवार पहचान पत्र से संबंधित समस्याओं के समाधान के लिए लगाए गए कैंप के दौरान यह जानकारी दी। शिविर में नागरिकों ने परिवार पहचान पत्र से जुड़ी समस्याएं अधिकारियों के सामने रखीं।

डॉ. खोला के अनुसार महेंद्रगढ़ जिले में अभी करीब 45 हजार महिलाएं लाडो लक्ष्मी योजना का लाभ ले रही हैं। आय सीमा बढ़ने के बाद 46,709 अतिरिक्त महिलाओं के पात्र होने का अनुमान है। उन्होंने बताया कि नए पात्र लाभार्थी 25 सितंबर से मोबाइल के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे।
उन्होंने बताया कि प्रदेश स्तर पर आय सीमा में बदलाव के बाद करीब 17 लाख नई महिलाओं के योजना के दायरे में आने का अनुमान है। उन्होंने इसे मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व वाली सरकार के महिला सशक्तिकरण अभियान की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।
डॉ. खोला ने कहा कि परिवार पहचान पत्र में आय सत्यापन का काम अब ग्राम सभाओं के माध्यम से किया जाएगा। उनके अनुसार इसका उद्देश्य पात्र लोगों की आय से संबंधित जानकारी का पारदर्शी तरीके से सत्यापन करना और उन्हें सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाना है।
उन्होंने कहा कि सरकार का प्रयास है कि पात्र नागरिक योजनाओं के लाभ से वंचित न रहें और अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचे।
इस अवसर पर भाजपा जिला अध्यक्ष डॉ. यतेंद्र राव, पूर्व जिला अध्यक्ष अजीत कलवाड़ी व दयाराम यादव, एडवोकेट राकेश शर्मा सहित पार्टी पदाधिकारी और अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।
Editor: शिवानी राजपूत



