Narnaul News | 1.99 करोड़ की धोखाधड़ी में पांचवां आरोपी गिरफ्तार : मोहाली से दबोचा | रिमांड में 5 लाख लौटाए

करीब एक करोड़ 99 लाख रुपये की धोखाधड़ी के मामले में आर्थिक अपराध शाखा नारनौल ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पांचवें आरोपी दमन कपूर निवासी मंडी, हिमाचल प्रदेश को मोहाली, पंजाब से गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी को तीन दिन के रिमांड पर लेकर पूछताछ की गई। इस दौरान शिकायतकर्ता की धनराशि में से 5 लाख रुपये वापस किए गए, जबकि शेष 15 लाख रुपये जल्द वापस करने का एग्रीमेंट दिया गया है। रिमांड पूरा होने के बाद आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक फैजल खान ने बताया कि पुलिस अधीक्षक दीपक कुमार के निर्देश पर आर्थिक अपराध शाखा नारनौल के इंचार्ज इंस्पेक्टर सोमवीर ढाका और उनकी टीम मामले की जांच कर रही है। शिकायतकर्ता विनोद कुमार निवासी झगड़ौली, नारनौल ने 25 फरवरी 2026 को थाना शहर नारनौल में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायतकर्ता राजकीय आईटीआई नारनौल में प्रधानाचार्य के पद पर कार्यरत हैं।
शिकायत के अनुसार मीर सिंह, उसका पुत्र आशुतोष और उनके अन्य साथी शिकायतकर्ता के कार्यालय में आते-जाते थे। आरोप है कि उन्होंने अच्छी जमीन और प्रॉपर्टी दिलाने का प्रस्ताव दिया। साथ ही जमीन मिलने के बाद MSME के तहत बैंक से लोन करवाकर फैक्ट्री स्थापित करवाने का भरोसा दिया गया। आरोपियों ने कथित तौर पर यह भी कहा कि जमीन दिलाने का काम नहीं होने पर दी गई रकम ब्याज सहित वापस कर दी जाएगी।
शिकायतकर्ता का आरोप है कि इन आश्वासनों पर विश्वास करते हुए उसने जमीन और प्रॉपर्टी के लिए सहमति दे दी। इसके बाद आरोपियों ने बैंक से लोन करवाने के नाम पर विभिन्न बैंकों में प्रक्रिया कराई। साथ ही अपनी कोलकाता स्थित ‘एंजल इंडस्ट्री’ नामक कंपनी में निवेश करने का प्रस्ताव दिया और कंपनी का अच्छा व्यवसाय होने का दावा किया।
पुलिस के अनुसार शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि जमीन, प्रॉपर्टी, निवेश और अन्य योजनाओं के नाम पर उससे तथा उसके परिवार के सदस्यों से कुल करीब एक करोड़ 99 लाख रुपये लिए गए। इसके बाद आरोपी कथित तौर पर संपर्क से बचने लगे और फोन उठाना बंद कर दिया।
शिकायत में आरोप लगाया गया कि रकम वापस मांगने पर आरोपियों ने गाली-गलौज की और शिकायतकर्ता को जान से मारने तथा परिवार के सदस्यों का अपहरण करने की धमकी दी। शिकायत मिलने के बाद आर्थिक अपराध शाखा ने मामले की जांच शुरू की।
पुलिस जांच में सामने आया कि शिकायतकर्ता द्वारा दी गई कुल रकम में से 20 लाख रुपये आरोपी दमन कपूर के बैंक खाते में भेजे गए थे। पुलिस ने मामले में कार्रवाई आगे बढ़ाते हुए दमन कपूर को 21 अगस्त 2026 को मोहाली, पंजाब से गिरफ्तार किया।
आरोपी को 22 अगस्त को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से तीन दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया। पुलिस के मुताबिक रिमांड के दौरान दमन कपूर ने शिकायतकर्ता की रकम में से 5 लाख रुपये वापस किए। शेष 15 लाख रुपये जल्द वापस करने का एग्रीमेंट भी दिया गया है। तीन दिन का रिमांड पूरा होने पर 25 अगस्त को आरोपी को दोबारा न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
इससे पहले पुलिस ने मामले में मीर सिंह, उसके पुत्र आशुतोष और उनके एक अन्य साथी राकेश को 27 मार्च 2026 को गिरफ्तार किया था। इसके बाद सुमित कुमार को 24 अप्रैल 2026 को गिरफ्तार किया गया। दमन कपूर की गिरफ्तारी के साथ इस मामले में अब तक पांच आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक फैजल खान के अनुसार मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश और उनकी भूमिका की जांच जारी है। पुलिस का कहना है कि मीर सिंह, उसके पुत्र आशुतोष और उनके अन्य साथियों के खिलाफ धोखाधड़ी से संबंधित कई मामले दर्ज हैं। जिला महेंद्रगढ़ में इनके खिलाफ धोखाधड़ी के पांच मुकदमे दर्ज होने की जानकारी दी गई है।
पुलिस के मुताबिक हरियाणा के अन्य जिलों और पड़ोसी राज्यों में भी आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी से संबंधित करीब 10 अन्य मामले दर्ज हैं। पुलिस आरोपियों के आपराधिक रिकॉर्ड और इन मामलों से उनके संबंध की नियमानुसार जांच कर रही है।
मामले में आरोपियों की अलग-अलग स्थानों पर स्थित संपत्तियों के संबंध में भी जांच की जा रही है। इसके साथ ही कोलकाता स्थित ‘एंजल इंडस्ट्री’ से जुड़े लोगों की भूमिका की जांच जारी है। पुलिस का कहना है कि जांच में जिन लोगों की संलिप्तता सामने आएगी, उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
जिला पुलिस महेंद्रगढ़ ने लोगों से अपील की है कि ठगी, साइबर फ्रॉड, जमीन-संपत्ति, लोन या किसी अन्य प्रकार की आर्थिक धोखाधड़ी होने पर तुरंत पुलिस को सूचना दें। पुलिस के अनुसार समय पर शिकायत मिलने से मामले में कार्रवाई और ठगी गई रकम की रिकवरी के प्रयास जल्द शुरू किए जा सकते हैं।



