Kanina News | बार एसोसिएशन के चुनाव कल : प्रधान-उपप्रधान पद पर होगा मुकाबला | 216 अधिवक्ता करेंगे मतदान
कनीना बार एसोसिएशन के चुनाव शुक्रवार को होंगे। चुनाव को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। प्रधान और उपप्रधान पद के लिए मतदान सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक होगा। मतदान समाप्त होने के बाद मतगणना शुरू की जाएगी और इसके बाद चुनाव परिणाम घोषित किए जाएंगे। सचिव पद पर भास्कर चौधरी निर्विरोध चुने जा चुके हैं।
चुनाव अधिकारी दिनेश कुमार जासावास ने बताया कि मतदान के लिए बार रूम में एक बूथ बनाया गया है। बार एसोसिएशन के कुल 216 सदस्य अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। चुनाव प्रक्रिया को निष्पक्ष और शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी कर ली गई हैं। इस दौरान सहायक पीठासीन अधिकारी विकास कुमार भी मौजूद रहे।

प्रधान पद के लिए अब राकेश कुमार और देशबंधु के बीच सीधा मुकाबला होगा। चुनाव अधिकारी के अनुसार पहले प्रधान पद के लिए चार उम्मीदवार मैदान में थे। बाद में सतीश कुमार और गिरवर लाल कौशिक ने शपथ-पत्र देकर चुनाव पत्र में अपना नाम नहीं रखने का अनुरोध किया। संबंधित उम्मीदवारों की सहमति के बाद उनके शपथ-पत्र स्वीकार कर लिए गए।
उपप्रधान पद के लिए अखिल अग्रवाल और वीरेंद्र जांगड़ा चुनाव मैदान में हैं। वहीं सचिव पद के लिए भास्कर चौधरी को निर्विरोध चुन लिया गया है। इसके बाद अब मुख्य चुनावी मुकाबला प्रधान और उपप्रधान पद के लिए रह गया है।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार शुक्रवार सुबह 10 बजे मतदान शुरू होगा और शाम 4 बजे तक चलेगा। इसके तुरंत बाद मतगणना शुरू होगी। मतगणना पूरी होने के बाद प्रधान और उपप्रधान पद के नतीजे घोषित किए जाएंगे।
Editor: शिवानी राजपूत



