Ateli News | शहीद गनर लालचंद को दी श्रद्धांजलि : प्रतिमा पर किया माल्यार्पण | 1965 के युद्ध में हुए थे शहीद

भारत-पाक युद्ध 1965 में देश के लिए शहीद हुए उनीन्दा गांव के गनर लालचंद को उनके शहादत दिवस पर श्रद्धांजलि दी गई। प्रमुख समाजसेवी नेताजी अतरलाल के नेतृत्व में ग्रामीणों और क्षेत्र के मौजिज लोगों ने शहीद की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। इस दौरान उपस्थित लोगों ने ‘लालचंद अमर रहे’ के जयकारे लगाकर उन्हें नमन किया।
उनीन्दा गांव में आयोजित श्रद्धांजलि कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम के दौरान गनर लालचंद के सैन्य जीवन और देश के लिए दिए गए बलिदान को याद किया गया। ग्रामीणों ने उनकी प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।
नेताजी अतरलाल ने कहा कि वर्ष 1965 के भारत-पाक युद्ध के दौरान भारतीय सेना की यूनिट टिथवाल सेक्टर में तैनात थी। इस दौरान गनर लालचंद ने साहस और कर्तव्यनिष्ठा का परिचय देते हुए देश के लिए सर्वोच्च बलिदान दिया।
उन्होंने कहा कि देश की रक्षा के लिए अपना जीवन समर्पित करने वाले शहीद हमेशा समाज के लिए प्रेरणा बने रहते हैं। नई पीढ़ी को भी ऐसे वीर सैनिकों के जीवन और उनके बलिदान के बारे में जानकारी दी जानी चाहिए।
अतरलाल ने कहा कि शहीद देश की शान होते हैं और उनकी स्मृति को बनाए रखना सभी का दायित्व है। उन्होंने गनर लालचंद की याद में हर वर्ष शहादत दिवस मनाने और श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित करने के लिए उनके परिजनों एवं उनीन्दा गांव के लोगों का आभार जताया।
कार्यक्रम में मौजूद पूर्व सैनिकों और ग्रामीणों ने भी गनर लालचंद को श्रद्धासुमन अर्पित किए। इस दौरान देशभक्ति के नारों के बीच शहीद की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया गया और उनके बलिदान को याद किया गया।
इस अवसर पर सूबेदार रघबीर सिंह, कैप्टन धर्मपाल, अतर सिंह ठेकेदार, विजय सिंह, जगदीश इंस्पेक्टर, भागसिंह चेयरमैन, कैलाश सेठ, हवलदार हरीशचंद, हवलदार रामचंद्र, नरेंद्र सिंह गिरदावर, कैप्टन प्रवीण यादव, हवलदार शेरसिंह, संतलाल बाबू जी और देशराज सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।



