Ateli News | जन्माष्टमी पर प्रजा भलाई संगठन के कार्यक्रम : श्रीकृष्ण चौक पर किया माल्यार्पण | मूर्ति स्थापना की उठाई मांग

प्रजा भलाई संगठन की ओर से श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर अटेली हलके में विभिन्न धार्मिक, सामाजिक और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। संगठन के सुप्रीमो नेताजी अतरलाल ने कस्बे के श्रीकृष्ण चौक पर भगवान श्रीकृष्ण की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर कार्यक्रमों का शुभारंभ किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने भगवान श्रीकृष्ण की शिक्षाओं को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया।
श्रीकृष्ण चौक पर कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए अतरलाल ने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण की शिक्षाएं कालजयी हैं। उन्होंने कहा कि श्रीकृष्ण द्वारा दिया गया कर्म का संदेश आज भी प्रासंगिक है और लोगों को उनके कर्म सिद्धांत को अपने जीवन में आत्मसात करना चाहिए। भगवान श्रीकृष्ण की प्रत्येक लीला से जीवन को सार्थक बनाने का संदेश मिलता है।
अतरलाल ने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण ने कर्म को सर्वोपरि मानते हुए समाज को कर्तव्य के मार्ग पर चलने की प्रेरणा दी। उनकी शिक्षाएं व्यक्ति को अपने दायित्वों के प्रति सजग रहने और समाज हित में कार्य करने की सीख देती हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से भगवान श्रीकृष्ण के संदेश को समाज के अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने का आह्वान किया।
इस दौरान अतरलाल ने राज्य सरकार से अटेली के श्रीकृष्ण चौक पर भगवान श्रीकृष्ण की भव्य प्रतिमा स्थापित करने की मांग भी की। उन्होंने कहा कि संगठन लंबे समय से इस मांग को उठा रहा है और सरकार को इस दिशा में कदम उठाना चाहिए।

उन्होंने कहा कि यदि अगली जन्माष्टमी तक सरकार की ओर से श्रीकृष्ण चौक पर प्रतिमा स्थापित नहीं की जाती है तो प्रजा भलाई संगठन के कार्यकर्ता अपने खर्चे पर भगवान श्रीकृष्ण की प्रतिमा स्थापित करने की पहल करेंगे। कार्यकर्ताओं ने भी इस मांग का समर्थन किया।
जन्माष्टमी के अवसर पर संगठन की ओर से केवल अटेली कस्बे में ही नहीं, बल्कि हलके के विभिन्न गांवों में भी कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यकर्ताओं ने रागनी प्रतियोगिताओं और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से भगवान श्रीकृष्ण के जीवन और उनकी शिक्षाओं का संदेश लोगों तक पहुंचाया।
संगठन कार्यकर्ताओं ने गौसेवा से जुड़ी गतिविधियों में भी भाग लिया। इसके साथ पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता का संदेश देने के लिए सफाई श्रमदान किया गया। संगठन की ओर से लोगों को धार्मिक आयोजनों के साथ सामाजिक सरोकारों से जुड़ने के लिए प्रेरित किया गया।
अतरलाल ने कहा कि जन्माष्टमी का पर्व भगवान श्रीकृष्ण की शिक्षाओं को याद करने के साथ उन्हें व्यवहार में अपनाने का अवसर है। समाज में आपसी सहयोग, सेवा और कर्तव्य की भावना को मजबूत करके ही उनके संदेश को सार्थक किया जा सकता है।
इस अवसर पर घनश्याम जांगड़ा, भागसिंह चेयरमैन, डॉ. राजेन्द्र प्रसाद खरब, कप्तान ओमपाल सिंह, दानसिंह प्रजापत, अशोक चौहान खौड़, कैलाश सेठ, पवन, अजीत, रमेश, हेमंत, सुरेन्द्र सिंह, मदन तंवर सहित संगठन के अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे
Editor: गरिमा बागोतिया



