Ateli News | मंदिर में चोरी का खुलासा, करीब तीन घंटे में दो आरोपी गिरफ्तार : दो पीतल के घंटे बरामद | कनीना मार्केट से पुलिस ने दबोचा

थाना अटेली मंडी पुलिस ने मंदिर में हुई चोरी की वारदात का खुलासा करते हुए सूचना मिलने के करीब तीन घंटे के भीतर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सुधीर निवासी गुढ़ा, थाना सदर कनीना और विनय निवासी धनौंदा, थाना सदर कनीना के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से मंदिर से चोरी किए गए दो पीतल के घंटे बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक दीपक कुमार के निर्देशन में चोरी, लूटपाट और अन्य आपराधिक घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए की गई। डीएसपी डॉ. कविता ने बताया कि 12 सितंबर 2026 को दोपहर करीब एक बजे थाना अटेली मंडी पुलिस को मंदिर में चोरी होने की सूचना मिली थी।

शिकायतकर्ता सुरेश निवासी महासर ने पुलिस को बताया कि वह पिछले करीब सात-आठ वर्षों से मंदिर में पूजा-पाठ का कार्य करता है। 11 सितंबर की शाम करीब सात बजे वह मंदिर में आरती करने के बाद अपने घर चला गया था। अगले दिन सुबह जब वह आरती के लिए मंदिर पहुंचा तो मंदिर से पीतल का घंटा गायब मिला। दानपात्र की पेटी भी खुली हुई थी और मंदिर का अन्य सामान भी मौके पर नहीं मिला।
शिकायत के आधार पर थाना अटेली मंडी में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस ने घटना को गंभीरता से लेते हुए तत्काल कार्रवाई शुरू की। टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और उपलब्ध तथ्यों के साथ तकनीकी एवं मानवीय सूचनाओं का विश्लेषण किया।
पुलिस के मुताबिक जांच के दौरान मिली जानकारी के आधार पर टीम ने कनीना मार्केट से सुधीर और विनय को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बताया कि दोनों आरोपियों को चोरी की सूचना मिलने के करीब तीन घंटे के भीतर काबू किया गया। पूछताछ और जांच के दौरान उनके कब्जे से मंदिर से चोरी किए गए दो पीतल के घंटे बरामद किए गए।
पुलिस जांच के अनुसार आरोपी सुधीर के खिलाफ पहले से दो मामले दर्ज हैं, जिनमें एनडीपीएस एक्ट और चोरी से संबंधित मामले शामिल हैं। वहीं आरोपी विनय के खिलाफ भी जुआ और चोरी से संबंधित दो मामले दर्ज बताए गए हैं।
दोनों आरोपियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है। पुलिस मामले में उनकी भूमिका और वारदात से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।
महेंद्रगढ़ पुलिस ने आमजन से अपील की है कि चोरी, लूटपाट या किसी भी संदिग्ध अथवा आपराधिक गतिविधि की जानकारी मिलने पर बिना देरी पुलिस को सूचना दें। पुलिस के अनुसार समय पर सूचना मिलने से आरोपियों की गिरफ्तारी और चोरीशुदा संपत्ति की बरामदगी में मदद मिलती है। सूचना नजदीकी थाना या चौकी के अलावा डायल 112 पर भी दी जा सकती है।
Editor: गरिमा बागोतिया



