Yamunanagar News | विश्व फिजियोथेरेपी दिवस पर रक्तदान शिविर : 50 से अधिक यूनिट रक्त एकत्रित | रक्तदाताओं को किया सम्मानित

विश्व फिजियोथेरेपी दिवस 2026 के अवसर पर टीडीटीआर डीएवी इंस्टीट्यूट ऑफ फिजियोथेरेपी एंड रिहैबिलिटेशन, यमुनानगर में मंगलवार को रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। पंजाब केसरी, यमुनानगर के सहयोग से आयोजित शिविर में संस्थान के फैकल्टी सदस्यों, स्टाफ और विद्यार्थियों ने भाग लिया। शिविर में 50 यूनिट से अधिक रक्त एकत्रित किया गया।
रक्तदान शिविर की शुरुआत संस्थान के प्रधानाचार्य डॉ. हिमांशु शेखर ने स्वयं रक्तदान करके की। इसके बाद संस्थान के फैकल्टी सदस्यों, कर्मचारियों और विद्यार्थियों ने भी रक्तदान किया। कार्यक्रम के माध्यम से युवाओं को स्वैच्छिक रक्तदान और सामाजिक जिम्मेदारी के प्रति जागरूक किया गया।

शिविर में रक्तदान करने वाले लोगों को प्रमाण-पत्र और मेडल देकर सम्मानित किया गया। डीएवी स्कूल्स यमुनानगर के चेयरमैन विजय कपूर और पंजाब केसरी यमुनानगर के मेडिको-लीगल जर्नलिस्ट अमित जैन ने रक्तदाताओं को सम्मानित किया।
इस अवसर पर विजय कपूर ने टीडीटीआर डीएवी इंस्टीट्यूट ऑफ फिजियोथेरेपी एंड रिहैबिलिटेशन द्वारा फिजियोथेरेपी, पुनर्वास और सामुदायिक स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों की सराहना की। संस्थान की ओर से बताया गया कि इसकी स्थापना वर्ष 1997 में स्वर्गीय जेएन कपूर द्वारा की गई थी और तभी से यह फिजियोथेरेपी शिक्षा एवं पुनर्वास सेवाओं के क्षेत्र में कार्य कर रहा है।
संस्थान के अनुसार यह डीएवी कॉलेज मैनेजिंग कमेटी, नई दिल्ली के अंतर्गत संचालित है और पंडित बीडी शर्मा यूनिवर्सिटी ऑफ हेल्थ साइंसेज, रोहतक से संबद्ध है। संस्थान ने बताया कि पिछले करीब तीन दशकों से यहां फिजियोथेरेपी शिक्षा के साथ पुनर्वास और सामुदायिक स्वास्थ्य से जुड़ी सेवाएं दी जा रही हैं।
कार्यक्रम के दौरान डॉ. रुचिका, डॉ. मुकेश, डॉ. गगन, डॉ. हीना, डॉ. अनुराग, डॉ. मंज्योत, डॉ. धीरज और सोहन लाल सहित संस्थान के अन्य स्टाफ सदस्य मौजूद रहे। कई फैकल्टी सदस्यों ने भी रक्तदान कर विद्यार्थियों को इसमें भाग लेने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के समापन पर संस्थान की ओर से रक्तदाताओं, पंजाब केसरी की टीम, फैकल्टी सदस्यों, स्टाफ, स्वयंसेवकों और विद्यार्थियों का सहयोग के लिए आभार जताया गया।
Editor: शिवानी राजपूत



