Yamunanagar News | मतदाता सूचियों के पुनरीक्षण पर साप्ताहिक बैठक : राजनीतिक दलों को सौंपे दावे-आपत्ति के फार्म | नए मतदाता BLO के पास कर सकेंगे आवेदन

भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशानुसार मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण-2026 को लेकर निर्वाचक पंजीयन अधिकारी एवं अतिरिक्त उपायुक्त नवीन आहूजा की अध्यक्षता में विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ साप्ताहिक बैठक आयोजित की गई। बैठक में मतदाता सूची से संबंधित दावे और आपत्तियों की प्रक्रिया की समीक्षा की गई तथा प्राप्त दावे-आपत्तियों से संबंधित फार्म नंबर 9, 10, 11, 11ए और 11बी राजनीतिक दलों के अध्यक्षों एवं प्रतिनिधियों को सौंपे गए।
अतिरिक्त उपायुक्त नवीन आहूजा ने आमजन से अपील की कि जिन पात्र व्यक्तियों के नाम अभी तक मतदाता सूची में शामिल नहीं हुए हैं या जिन्हें नया वोट बनवाना है, वे अपने संबंधित बीएलओ से संपर्क कर निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार आवेदन कर सकते हैं।

उन्होंने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग की ओर से मतदाता सूचियों को त्रुटि रहित बनाने और अधिक से अधिक पात्र नागरिकों के नाम मतदाता सूची में शामिल करने के उद्देश्य से विशेष गहन पुनरीक्षण-2026 कार्यक्रम चलाया जा रहा है। इसके तहत मतदाता सूची में नाम जोड़ने, आवश्यक सुधार और दावे-आपत्तियों से संबंधित कार्य निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार किए जा रहे हैं।
अतिरिक्त उपायुक्त ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग की हिदायतों के अनुसार मतदाता सूचियों का प्रारंभिक प्रकाशन 31 जुलाई 2026 को किया जा चुका है। प्रारूप मतदाता सूचियां सभी राजनीतिक दलों को भी उपलब्ध करवाई गई हैं, ताकि वे सूची का अवलोकन कर पात्र मतदाताओं से संबंधित प्रक्रिया में सहयोग कर सकें।
उन्होंने बताया कि जिन मतदाताओं की मैपिंग वर्ष 2002 की मतदाता सूची में नहीं हुई है अथवा जिन मतदाताओं के नाम व अन्य विवरण का वर्ष 2002 की मतदाता सूची से मिलान नहीं हो पाया है, उन्हें संबंधित बीएलओ के माध्यम से नोटिस वितरित किए जा रहे हैं।
अतिरिक्त उपायुक्त ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से इस संबंध में आम लोगों को अधिक से अधिक जागरूक करने की अपील की। उन्होंने कहा कि यदि किसी मतदाता को सुनवाई के लिए नोटिस प्राप्त होता है तो वह नोटिस में निर्धारित तिथि, समय और स्थान पर अपने मूल दस्तावेजों के साथ जरूर उपस्थित हो, ताकि उसके मामले पर नियमानुसार कार्रवाई की जा सके।

बैठक में नए पात्र युवाओं के नाम मतदाता सूची में शामिल करवाने पर भी विशेष जोर दिया गया। अतिरिक्त उपायुक्त ने कहा कि जिन युवाओं की आयु 1 जुलाई 2026 को 18 वर्ष या इससे अधिक हो गई है, उन्हें मतदाता के रूप में पंजीकरण के लिए जागरूक किया जाए। पात्र युवा आवश्यक दस्तावेजों के साथ फार्म नंबर 6 भरकर संबंधित बीएलओ के पास अपना आवेदन प्रस्तुत कर सकते हैं।
उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में युवाओं की भागीदारी महत्वपूर्ण है। इसलिए यह सुनिश्चित करने का प्रयास किया जाए कि कोई भी पात्र युवा मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज करवाने से वंचित न रहे।
अतिरिक्त उपायुक्त ने सभी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से दावे और आपत्तियां दर्ज करने तथा उनके निपटारे से संबंधित कार्यक्रम का व्यापक प्रचार करने को कहा। इसका उद्देश्य अधिक से अधिक पात्र मतदाताओं को मतदाता सूची में शामिल करना और सूची को त्रुटि रहित बनाना है।
उन्होंने बीएलए-1 और बीएलए-2 से भी विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम में सहयोग करने का अनुरोध किया। राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से कहा गया कि वे अपने स्तर पर लोगों तक कार्यक्रम की जानकारी पहुंचाएं और पात्र नागरिकों को निर्धारित प्रक्रिया पूरी करने के लिए प्रेरित करें।
बैठक में अतिरिक्त उपायुक्त नवीन आहूजा, एसडीएम जगाधरी विश्वनाथ, एसडीएम रादौर नरेंद्र कुमार, निर्वाचन नायब तहसीलदार प्रशांत कुमार, निर्वाचन कानूनगो रजत कुमार व विशाल सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि और बीएलओ-1 उपस्थित रहे।
Editor: गरिमा बागोतिया



