Yamunanagar News | जगदीश मित्तल को दी अंतिम विदाई : CM सैनी और अनिल विज पहुंचे | जगाधरी में हुआ अंतिम संस्कार
प्रसिद्ध समाजसेवी एवं राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से जुड़े वरिष्ठ पदाधिकारी जगदीश मित्तल का जगाधरी में गमगीन माहौल में अंतिम संस्कार किया गया। उनके अंतिम संस्कार में हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, ऊर्जा मंत्री अनिल विज सहित विभिन्न राजनीतिक, सामाजिक और धार्मिक संगठनों से जुड़े लोग बड़ी संख्या में पहुंचे और श्रद्धांजलि अर्पित की।
जगदीश मित्तल का गुरुवार को निधन हो गया था। उनके निधन की सूचना मिलने के बाद क्षेत्र में शोक की लहर रही। अंतिम संस्कार के दौरान मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने दिवंगत जगदीश मित्तल को पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी और शोक-संतप्त परिवार के सदस्यों से मुलाकात कर संवेदना व्यक्त की।

जगदीश मित्तल विभिन्न सामाजिक, शैक्षणिक और सांस्कृतिक संस्थाओं से जुड़े रहे। वे राष्ट्रीय कवि संगम के राष्ट्रीय अध्यक्ष, महाराजा अग्रसेन मेडिकल कॉलेज अग्रोहा के महासचिव, महाराजा अग्रसेन इंजीनियरिंग एंड मैनेजमेंट कॉलेज दिल्ली के वाइस चेयरमैन और भारत लोक शिक्षा परिषद एकल विद्यालय के सलाहकार सहित विभिन्न जिम्मेदारियां संभाल चुके थे।

हरियाणा के ऊर्जा मंत्री अनिल विज ने भी जगदीश मित्तल को श्रद्धांजलि दी। विज ने उनके साथ अपने पुराने संबंधों को याद करते हुए कहा कि वर्ष 1990 में उनके पहले चुनाव के समय जगदीश मित्तल संगठन में मंत्री थे। उन्होंने कहा कि जगदीश मित्तल अंतिम समय तक अपने सामाजिक और संगठनात्मक कार्यों में सक्रिय रहे।
राष्ट्रीय कवि गजेंद्र सोलंकी और कवि सुधीर ने भी जगदीश मित्तल को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि जगदीश मित्तल दूसरों की मदद के लिए हमेशा आगे रहने वाले व्यक्ति थे और उनके निधन से समाज को बड़ी क्षति हुई है।

अंतिम संस्कार में विधायक घनश्याम दास अरोड़ा, अनुसूचित जाति आयोग की चेयरमैन बंतो कटारिया, पूर्व कैबिनेट मंत्री कंवर पाल गुर्जर, पूर्व चेयरमैन रामेश्वर चौहान, पूर्व चेयरमैन राम निवास गर्ग, नीता खेड़ा, भाजपा जिलाध्यक्ष राजेश सपरा, कवि सुदीप भोला और मेयर सुमन बहमनी सहित बड़ी संख्या में गणमान्य लोग मौजूद रहे।

अंतिम संस्कार के दौरान सामाजिक, राजनीतिक और संगठनात्मक क्षेत्र से जुड़े लोगों ने जगदीश मित्तल के कार्यों को याद किया और शोक-संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की।
Editor: शिवानी राजपूत



