Yamunanagar News | थर्ड पार्टी ऐप से रहें सावधान : बैंक खाते पर मंडरा सकता है खतरा | SP ने जारी की साइबर एडवाइजरी

पुलिस अधीक्षक कमलदीप गोयल ने आमजन को साइबर अपराध के प्रति सतर्क करते हुए स्मार्टफोन में अनजान या थर्ड पार्टी स्रोत से ऐप इंस्टॉल नहीं करने की सलाह दी है। उन्होंने कहा कि साइबर अपराधी फर्जी ऐप और वेबसाइट के जरिए लोगों की निजी एवं बैंकिंग जानकारी को निशाना बनाने का प्रयास कर रहे हैं, इसलिए मोबाइल फोन और ऑनलाइन बैंकिंग का इस्तेमाल करते समय विशेष सावधानी बरतना जरूरी है।
एसपी कमलदीप गोयल ने बताया कि साइबर अपराधी लगातार अपने तरीके बदल रहे हैं। संदिग्ध ऐप या हानिकारक सॉफ्टवेयर मोबाइल में पहुंचने के बाद संवेदनशील जानकारी के लिए खतरा बन सकते हैं। बैंकिंग, ई-कॉमर्स और डिजिटल वित्तीय सेवाओं का इस्तेमाल करने वाले लोगों को विशेष रूप से सतर्क रहने की जरूरत है।
उन्होंने कहा कि कई बार फर्जी ऐप को इस तरह तैयार किया जाता है कि सामान्य उपयोगकर्ता के लिए असली और नकली ऐप के बीच अंतर करना मुश्किल हो सकता है। ऐसे ऐप के जरिए लॉगिन और अन्य संवेदनशील जानकारी हासिल करने का प्रयास किया जा सकता है। इसलिए किसी लिंक, मैसेज या अनजान वेबसाइट के जरिए मिले ऐप को फोन में इंस्टॉल करने से बचना चाहिए।
पुलिस की एडवाइजरी में ‘गॉडफादर’ जैसे बैंकिंग मैलवेयर से भी सावधान रहने को कहा गया है। ऐसे साइबर खतरों से बचने के लिए मोबाइल में केवल भरोसेमंद स्रोत से ऐप डाउनलोड करने, फोन के ऑपरेटिंग सिस्टम और ऐप्स को अपडेट रखने तथा अनजान स्रोतों से ऐप इंस्टॉल करने की अनुमति बंद रखने की सलाह दी गई है।
एसपी ने कहा कि किसी भी ऐप को इंस्टॉल करने से पहले उसके डेवलपर, मांगी जा रही परमिशन और उसकी विश्वसनीयता की जांच करनी चाहिए। अनजान लिंक पर क्लिक करने और बैंकिंग से संबंधित संवेदनशील जानकारी साझा करने से भी बचना चाहिए।
उन्होंने कहा कि यदि किसी व्यक्ति के साथ ऑनलाइन वित्तीय ठगी हो जाए तो वह जल्द से जल्द राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत करे। इसके अलावा राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल पर ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराई जा सकती है। पीड़ित नजदीकी पुलिस स्टेशन के साइबर हेल्प डेस्क या साइबर अपराध थाना से भी सहायता ले सकते हैं।
Editor: शिवानी राजपूत



