Yamunanagar News | खेतों में मिला महिला का शव : हत्या की आशंका | पहचान में जुटी पुलिस

पंचकूला-सहारनपुर हाईवे के पास रुहला खेड़ी गांव क्षेत्र में बुधवार सुबह खेतों में पानी की खाल से करीब 30 से 32 वर्षीय अज्ञात महिला का शव मिला। सूचना मिलने के बाद पुलिस अधिकारी और जांच टीमें मौके पर पहुंचीं। शुरुआती जांच में हत्या की आशंका जताई जा रही है, हालांकि मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम और जांच के बाद ही स्पष्ट होगी।
पुलिस के मुताबिक बुधवार सुबह करीब 10 बजे हाईवे किनारे खेतों में पानी की खाल में शव पड़े होने की सूचना मिली थी। इसके बाद डीएसपी राजीव मिगलानी, जगाधरी थाना पुलिस और सीआईए की टीमें मौके पर पहुंचीं। घटनास्थल की जांच के लिए फोरेंसिक टीम को भी बुलाया गया।

डीएसपी राजीव मिगलानी के अनुसार मृतका की उम्र करीब 30 से 32 वर्ष होने का अनुमान है। पुलिस को मौके से ऐसा कोई दस्तावेज या अन्य सामान नहीं मिला, जिससे उसकी तत्काल पहचान हो सके। शव कुछ दिन पुराना होने की संभावना जताई गई है।
पुलिस की शुरुआती जांच में महिला के माथे पर चोट का निशान मिला है। इसी आधार पर हत्या की आशंका जताई जा रही है, लेकिन पुलिस ने अभी मौत के कारण को अंतिम रूप से स्पष्ट नहीं किया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य जांच के बाद ही यह पता चल सकेगा कि महिला की मौत किन परिस्थितियों में हुई।

महिला की पहचान के लिए पुलिस आसपास के थानों में दर्ज गुमशुदगी की रिपोर्ट की जानकारी जुटा रही है। इसके साथ ही आसपास के इलाकों में पूछताछ कर हाल के दिनों में लापता हुई महिलाओं के बारे में पता लगाया जा रहा है।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम और पहचान की कार्रवाई के लिए जगाधरी सिविल अस्पताल की मॉर्च्यूरी में रखवाया है। मामले की जांच अलग-अलग पहलुओं से की जा रही है और महिला की पहचान स्थापित करना फिलहाल पुलिस की प्राथमिकता है।
Editor: शिवानी राजपूत



