Yamunanagar News | सेवा संकल्प अभियान की तैयारियों की समीक्षा : ADC ने अधिकारियों को दिए निर्देश | पात्र लोगों तक पहुंचेंगी योजनाएं

अतिरिक्त उपायुक्त नवीन आहूजा ने बुधवार को सचिवालय के सभागार में सेवा संकल्प अभियान को लेकर विभिन्न विभागों के अधिकारियों की बैठक ली। उन्होंने सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और सेवाओं का लाभ पात्र नागरिकों तक समयबद्ध एवं पारदर्शी तरीके से पहुंचाने के लिए अधिकारियों को पूरी गंभीरता और जिम्मेदारी के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।
अतिरिक्त उपायुक्त ने कहा कि अभियान के दौरान आमजन की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान सुनिश्चित किया जाए। अभियान के तहत जिस विभाग को जो जिम्मेदारी सौंपी गई है, उसे निर्धारित समय में पूरा किया जाए। उन्होंने अधिकारियों को कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतने के निर्देश दिए।
बैठक में सेवा संकल्प अभियान की तैयारियों की विभागवार समीक्षा की गई। अतिरिक्त उपायुक्त ने बताया कि अभियान के तहत ‘आशीर्वाद का दीया’, ‘विकसित भारत संकल्प’, ‘नमो सेवा’, ‘आनंद का उत्सव’, ‘कहानी बदलाव की’, ‘सेवा ज्योति यात्रा’ और ‘सेवा सेतु अभियान’ जैसी थीम पर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों से कहा कि वे अपने विभाग से जुड़ी योजनाओं और सेवाओं की जानकारी आमजन तक पहुंचाएं। पात्र लाभार्थियों को योजनाओं से जोड़ने के साथ आवश्यक दस्तावेज, आवेदन प्रक्रिया और उपलब्ध विभागीय सेवाओं के बारे में भी जागरूक किया जाए।
अतिरिक्त उपायुक्त नवीन आहूजा ने कहा कि अभियान के दौरान सभी विभाग आपसी तालमेल के साथ काम करें, ताकि निर्धारित गतिविधियों को सही तरीके से पूरा किया जा सके। अभियान के तहत अधिक से अधिक पात्र नागरिकों को सरकारी योजनाओं और सेवाओं से जोड़ने के लिए विशेष प्रयास करने को कहा गया।
उन्होंने कहा कि सेवा संकल्प अभियान का उद्देश्य जनसेवा को सरल, सुलभ और प्रभावी बनाना है। अभियान के दौरान होने वाली गतिविधियों और कार्यों की नियमित समीक्षा भी की जाएगी।
बैठक में नगराधीश पीयूष गुप्ता, जिला परिषद के सीईओ ब्रह्म प्रकाश, जिला राजस्व अधिकारी तरुण सहोता, जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी नरेंद्र सिंह, डॉ. दिव्या मंगला और जिला शिक्षा अधिकारी प्रेम लत्ता सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
Editor: शिवानी राजपूत



