Yamunanagar News | समाधान शिविर में आईं 3 शिकायतें : सीवरेज और गैस से जुड़ी समस्याएं रखीं

उपायुक्त प्रीति के निर्देशानुसार आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए जिला और उपमंडल स्तर पर समाधान शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। उपायुक्त कार्यालय के अधीक्षक अनूप कुमार ने बताया कि सप्ताह में दो दिन सोमवार और गुरुवार को सुबह 10 से दोपहर 12 बजे तक समाधान शिविर लगाए जा रहे हैं।
जिला सचिवालय के सभागार में अधीक्षक अनूप कुमार की अध्यक्षता में आयोजित समाधान शिविर में तीन शिकायतें प्राप्त हुईं। नागरिकों ने सीवरेज की सफाई और गैस एजेंसी से संबंधित अपनी समस्याएं अधिकारियों के सामने रखीं।
यमुनानगर निवासी राज अग्रवाल ने सीवरेज की सफाई करवाने की मांग रखी। वहीं मनोज बनर्जी ने प्रोफेसर कॉलोनी स्थित ओल्ड अंबे गैस गोदाम क्षेत्र की मुख्य सीवरेज लाइन की सफाई से संबंधित समस्या अधिकारियों के सामने रखी।
रादौर निवासी चंद्रभान ने प्रेम गैस सर्विस से संबंधित शिकायत रखी। उन्होंने गैस नहीं देने और दुर्व्यवहार किए जाने का आरोप लगाते हुए मामले में समाधान की मांग की।
समाधान शिविर के दौरान आयुष विभाग के योग विशेषज्ञ डॉ. शिव कुमार ने अधिकारियों और कर्मचारियों को पांच मिनट का योग अभ्यास भी करवाया। उन्होंने कार्य के दौरान स्वास्थ्य का ध्यान रखने के लिए योग को नियमित दिनचर्या में शामिल करने का संदेश दिया।
अधीक्षक अनूप कुमार ने अधिकारियों और कर्मचारियों से कहा कि वे अपने दैनिक कार्य के साथ योग को भी दिनचर्या का हिस्सा बनाएं। नियमित योग से स्वस्थ रहने के साथ कार्य को अधिक कुशलता से करने में भी मदद मिलती है।
उन्होंने बताया कि सरकार के निर्देशानुसार समाधान शिविरों का उद्देश्य नागरिकों की समस्याओं को अधिकारियों के सामने रखकर उनके त्वरित निवारण की प्रक्रिया को आसान बनाना है। जिला और उपमंडल दोनों स्तरों पर नागरिक इन शिविरों में अपनी शिकायतें रख सकते हैं।
इस अवसर पर समाधान शिविर के विशेष सदस्य जगदीश बब्बर, खरैती लाल बतरा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।
Editor: शिवानी राजपूत



