Yamunanagar News | जन्माष्टमी पर पुलिस मुस्तैद : मंदिरों में रहेगी कड़ी सुरक्षा | ट्रैफिक पर विशेष फोकस

जन्माष्टमी पर्व को शांतिपूर्ण और सुरक्षित माहौल में संपन्न करवाने के लिए जिला पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। पुलिस अधीक्षक कमलदीप गोयल ने जिले के सभी पुलिस अधिकारियों और थाना प्रभारियों को मंदिरों, धार्मिक स्थलों, बाजारों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं।
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार जन्माष्टमी पर श्रद्धालुओं की बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए प्रमुख मंदिरों और धार्मिक स्थलों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया जाएगा। श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो और लोग सुरक्षित वातावरण में पर्व मना सकें, इसके लिए पुलिस की ओर से विशेष प्रबंध किए जा रहे हैं।
पुलिस अधीक्षक कमलदीप गोयल ने कहा कि जन्माष्टमी श्रद्धा, आस्था और भाईचारे का पर्व है। जिले में कानून एवं व्यवस्था बनाए रखने के साथ श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पर्याप्त संख्या में पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई जाएगी।
प्रमुख मंदिरों और धार्मिक स्थलों के आसपास संदिग्ध व्यक्तियों एवं गतिविधियों पर नजर रखी जाएगी। भीड़ वाले स्थानों पर सादे कपड़ों में भी पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे। महिला श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए महिला पुलिस कर्मचारियों की भी ड्यूटी लगाई जाएगी।
जन्माष्टमी के दौरान मंदिरों और बाजारों में बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए यातायात व्यवस्था पर विशेष ध्यान रहेगा। पुलिस की ओर से जरूरत के अनुसार ट्रैफिक डायवर्जन, पार्किंग और यातायात नियंत्रण की व्यवस्था की जाएगी। लोगों से अपने वाहन निर्धारित पार्किंग स्थलों पर खड़े करने और यातायात नियमों का पालन करने की अपील की गई है।
पुलिस अधीक्षक ने अधिकारियों को हुड़दंग करने, नशे में वाहन चलाने और कानून व्यवस्था प्रभावित करने वालों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। प्रमुख स्थानों पर पुलिस गश्त बढ़ाई जाएगी और सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से भी निगरानी रखी जाएगी।
कमलदीप गोयल ने जिलावासियों से जन्माष्टमी का पर्व शांति, भाईचारे और श्रद्धा के साथ मनाने की अपील की है। उन्होंने लोगों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने और किसी संदिग्ध व्यक्ति, वस्तु या गतिविधि की जानकारी मिलने पर तुरंत पुलिस को सूचना देने को कहा है।
जिला पुलिस ने आमजन से सुरक्षा और यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की है। पुलिस का कहना है कि जन्माष्टमी के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुचारू यातायात के लिए पुलिस टीमें लगातार निगरानी रखेंगी।
Editor: शिवानी राजपूत



