Yamunanagar News | समाधान शिविर में 8 शिकायतें पहुंचीं : सीटीएम पीयूष गुप्ता ने जल्द निपटारे के दिए निर्देश | सोमवार और वीरवार को सुबह 10 से 12 बजे तक लगेंगे शिविर

सीटीएम पीयूष गुप्ता ने कहा कि समाधान शिविर में अपनी समस्याएं लेकर आने वाले प्रत्येक प्रार्थी की शिकायत का मौके पर ही समाधान करने का हरसंभव प्रयास किया जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि यदि किसी शिकायत का समाधान दस्तावेजों या अन्य जांच पर निर्भर है तो ऐसे मामलों का भी समयबद्ध तरीके से जल्द निपटारा सुनिश्चित किया जाए।
सीटीएम ने बताया कि प्रदेश सरकार के आदेशानुसार आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए आयोजित किए जा रहे समाधान शिविरों में बदलाव किया गया है। अब जिला और उपमंडल स्तर पर ये शिविर सप्ताह में दो दिन सोमवार और वीरवार को सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक आयोजित किए जाएंगे।

सीटीएम पीयूष गुप्ता की अध्यक्षता में जिला सचिवालय के सभागार में आयोजित समाधान शिविर में कुल आठ शिकायतें प्राप्त हुईं। टोपरा निवासी सुरेंद्र सिंह ने पुलिस विभाग से जान-माल की रक्षा की मांग रखी। ससौली निवासी मनोज कुमार ने बिजली के खंभे और तार ठीक करवाने की शिकायत दी।
विकासनगर निवासी अश्विनी कुमार ने अवैध कब्जे, मारपीट, धमकी देने और सीसीटीवी कैमरे तोड़ने से संबंधित शिकायत रखी। लक्ष्मी गार्डन निवासी बब्लू सिंह ने बिजली बिल माफ करने की मांग रखी। यमुनानगर निवासी कोमल और पायल शर्मा ने जान से मारने की धमकी से संबंधित शिकायत दी।
चौपड़ा गार्डन निवासी सुरेंद्र सिंह ने सीएम विंडो पर सुनवाई नहीं होने की शिकायत रखी। गुलाबगढ़ निवासी सुनील शर्मा ने बिजली की तारें हटवाने की मांग की, जबकि मॉडल कॉलोनी निवासी धर्म नारायण शर्मा ने मृत्यु प्रमाण पत्र रद्द करवाने से संबंधित समस्या रखी।
सीटीएम ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को शिकायतों की जांच कर नियमानुसार और समयबद्ध कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि समाधान शिविर का उद्देश्य लोगों को उनकी समस्याओं के समाधान के लिए अनावश्यक रूप से अलग-अलग कार्यालयों के चक्कर लगाने से राहत देना है। इस अवसर पर डीडीपीओ नरेंद्र सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
Editor: गरिमा बागोतिया



