Yamunanagar News | अवैध दो मंजिला मकान पर चला बुलडोजर : नशा तस्करी के आरोपी दो भाइयों से जुड़ी संपत्ति | निगम ने किया ध्वस्त

यमुनानगर। नगर निगम की टीम ने गुरुवार को पुराना हमीदा की खड्डा कॉलोनी में अवैध रूप से बनाए गए दो मंजिला मकान को ध्वस्त कर दिया। यह मकान नशा तस्करी के मामले में गिरफ्तार दो सगे भाइयों नईम धोबी और मुस्तकीम से जुड़ा बताया गया है। नगर निगम के अनुसार मकान का निर्माण बिना स्वीकृत नक्शे और बिल्डिंग प्लान के किया गया था।
पुलिस ने कुछ समय पहले पुराना हमीदा निवासी नईम धोबी और उसके भाई मुस्तकीम को नशा तस्करी के मामले में गिरफ्तार किया था। इसके बाद पुलिस अधीक्षक की ओर से नगर निगम को पत्र भेजकर आरोपियों से जुड़ी संपत्तियों की जांच करने का अनुरोध किया गया था।

नगर निगम की जांच में खड्डा कॉलोनी स्थित दो मंजिला मकान का निर्माण बिना स्वीकृत नक्शे और बिल्डिंग प्लान के किए जाने की बात सामने आई। इसके बाद निगम की ओर से संबंधित पक्ष को नोटिस जारी किया गया। नोटिस की निर्धारित अवधि पूरी होने के बाद नगर निगम आयुक्त महाबीर प्रसाद के निर्देश पर ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की गई।
कार्रवाई के लिए सहायक अभियंता सुरेंद्र दहिया को ड्यूटी मजिस्ट्रेट नियुक्त किया गया। उनके नेतृत्व में सहायक नगर योजनाकार दर्शन लाल, भवन निरीक्षक नरेंद्र गुंदाल और दीपक सहित नगर निगम की टीम पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची। इसके बाद जेसीबी मशीन की मदद से दो मंजिला अवैध निर्माण को ध्वस्त किया गया।
नगर निगम आयुक्त महाबीर प्रसाद ने कहा कि शहर में अवैध निर्माण को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। नियमों का उल्लंघन कर किए गए निर्माण और अवैध कब्जों के खिलाफ नगर निगम की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
Editor: नितिन यादव



