Panchkula News | USA से डिपोर्ट हरनेक सिंह कोर्ट में पेश : न्यायिक हिरासत में भेजा | 23 सितंबर को अगली सुनवाई

पंचकूला। वर्ष 2013 से फरार चल रहे आरोपी हरनेक सिंह को अमेरिका से डिपोर्ट किए जाने के बाद CBI ने पंचकूला स्थित विशेष CBI अदालत में पेश किया। अदालत ने आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। मामले की अगली सुनवाई 23 सितंबर 2026 को होगी।
CBI की दिल्ली टीम हरनेक सिंह को लेकर पंचकूला पहुंची और उसे विशेष CBI अदालत में अनिल कुमार यादव की कोर्ट में पेश किया। सुनवाई के बाद अदालत ने आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजने के आदेश दिए।

जानकारी के अनुसार हरनेक सिंह लंबे समय से जांच और मुकदमे की कार्रवाई से फरार चल रहा था। उसके खिलाफ इंटरपोल रेड नोटिस और लुक आउट सर्कुलर भी जारी किया गया था। अमेरिका से डिपोर्ट किए जाने के बाद वह 9 सितंबर 2026 को दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पहुंचा, जहां CBI ने उसे गिरफ्तार किया।
मामला CBI द्वारा वर्ष 2016 में दर्ज किए गए केस से संबंधित है। इसमें आपराधिक साजिश, धोखाधड़ी, जालसाजी और सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम से संबंधित आरोप शामिल हैं।

CBI के मामले के अनुसार आरोपियों ने खुद को सिंगापुर के इमिग्रेशन अधिकारियों के रूप में पेश कर भारतीय नागरिकों से धोखाधड़ी की थी। एजेंसी का आरोप है कि धोखाधड़ी से प्राप्त रकम हरनेक सिंह से जुड़े मनी ट्रांसफर आउटलेट के माध्यम से प्राप्त की गई थी। इन आरोपों पर आगे की न्यायिक प्रक्रिया जारी है।
हरनेक सिंह को न्यायिक हिरासत में भेजे जाने के बाद अब मामले की अगली सुनवाई 23 सितंबर को होगी।
Editor: नितिन यादव



