Yamunanagar News | मुकंद लाल नेशनल कॉलेज में विश्व फर्स्ट एड दिवस मनाया : विद्यार्थियों को दिया प्राथमिक चिकित्सा प्रशिक्षण | दुर्घटना में घायल की मदद करने के तरीके बताए

यमुनानगर के मुकंद लाल नेशनल कॉलेज में यूथ रेड क्रॉस यूनिट की ओर से सेंट जॉन एम्बुलेंस (इंडिया), यमुनानगर के सहयोग से विश्व फर्स्ट एड दिवस मनाया गया। इस अवसर पर जागरूकता सेमिनार और प्राथमिक चिकित्सा प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता कॉलेज के प्राचार्य डॉ. मनोहर गोयल ने की। कार्यक्रम में 100 से अधिक विद्यार्थियों के साथ कॉलेज प्रबंधन ने भाग लिया।
कार्यक्रम का आयोजन यूथ रेड क्रॉस की प्रभारी डॉ. सविता गर्ग, डॉ. रामेश्वर ग्रोच और निकेत इंचार्ज की देखरेख में किया गया। प्राचार्य डॉ. मनोहर गोयल ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि दुर्घटना या किसी व्यक्ति के घायल होने की स्थिति में समय पर दी गई प्राथमिक चिकित्सा काफी महत्वपूर्ण हो सकती है। उन्होंने कहा कि अधिक से अधिक लोगों को फर्स्ट एड की जानकारी होनी चाहिए, ताकि जरूरत पड़ने पर घायल व्यक्ति की तत्काल मदद की जा सके।

संस्था के कार्यवाहक सचिव संजीव धीमान ने बताया कि इस तरह के जागरूकता कार्यक्रम संस्था की प्रधान एवं उपायुक्त प्रीति के मार्गदर्शन में आयोजित किए जाते हैं। उन्होंने बताया कि इस वर्ष का थीम ‘फर्स्ट एड इन माइग्रेशन कॉन्टेक्स्ट्स’ रखा गया है। उन्होंने कहा कि यमुनानगर और जगाधरी औद्योगिक क्षेत्र होने के कारण विभिन्न राज्यों से आए प्रवासी लोग कारखानों और अन्य औद्योगिक इकाइयों में कार्य करते हैं। ऐसे कार्यस्थलों पर दुर्घटना की स्थिति में प्राथमिक चिकित्सा की जानकारी उपयोगी हो सकती है।
उन्होंने बताया कि संस्था की ओर से हर वर्ष जिले के विभिन्न स्कूलों, कॉलेजों और औद्योगिक इकाइयों में फर्स्ट एड प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं। इसका उद्देश्य लोगों को प्राथमिक चिकित्सा के प्रति जागरूक करना है, ताकि दुर्घटना की स्थिति में घायल व्यक्ति को समय पर आवश्यक सहायता मिल सके। उन्होंने लोगों से अपने वाहनों में फर्स्ट एड किट रखने की भी अपील की।

प्राथमिक चिकित्सा प्रवक्ता प्रमजीत सिंह हुंडल ने विद्यार्थियों को प्रशिक्षण के दौरान विभिन्न परिस्थितियों में प्राथमिक सहायता देने के तरीकों की जानकारी दी। उन्होंने हार्ट अटैक की स्थिति में कृत्रिम श्वास देने की विधि, फ्रैक्चर और रक्तस्राव की स्थिति में पट्टी के उपयोग, घायल व्यक्ति को मानव स्ट्रेचर की सहायता से चिकित्सकीय संस्थान या एंबुलेंस तक पहुंचाने की विधि के बारे में व्यावहारिक जानकारी दी। इसके अलावा आग लगने और पानी में डूबने की स्थिति में बचाव के तरीकों की जानकारी भी दी गई।
जिला प्रशिक्षण अधिकारी शशि भूषण ने शहरवासियों से अधिक से अधिक लोगों को फर्स्ट एड प्रशिक्षण प्राप्त करने की अपील की। उन्होंने कहा कि दुर्घटना कहीं भी और कभी भी हो सकती है। ऐसे में प्रशिक्षित व्यक्ति द्वारा समय पर दी गई प्राथमिक चिकित्सा घायल व्यक्ति की मदद में महत्वपूर्ण साबित हो सकती है।
इस अवसर पर संस्था की ओर से प्रोजेक्ट मैनेजर सुनीता शर्मा सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
Editor: गरिमा बागोतिया



