Yamunanagar News | मेयर हाउस में पार्षदों की बैठक : शहर के विकास और सेवा संकल्प अभियान पर चर्चा | 16 सितंबर की हाउस बैठक में विकास कार्यों पर होगी विस्तृत चर्चा

मॉडल टाउन स्थित मेयर हाउस में नगर निगम की मेयर सुमन बहमनी और भाजपा जिला अध्यक्ष राजेश सपरा की अध्यक्षता में नगर निगम के सभी पार्षदों की विशेष बैठक आयोजित की गई। बैठक में शहर के समग्र विकास, जनहित के कार्यों, नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने और 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलने वाले सेवा संकल्प अभियान को सफल बनाने को लेकर चर्चा की गई।
भाजपा जिला अध्यक्ष राजेश सपरा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का 25 वर्षों का सार्वजनिक जीवन सेवा, समर्पण और राष्ट्र निर्माण को समर्पित रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश विकास की दिशा में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने सभी पार्षदों और कार्यकर्ताओं से सेवा संकल्प अभियान में सक्रिय रूप से भाग लेने का आह्वान किया।

मेयर सुमन बहमनी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने सार्वजनिक जीवन में राष्ट्रसेवा और जनकल्याण को प्राथमिकता दी है। उन्होंने कहा कि सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से जनसेवा और समाजहित से जुड़े कार्यों को और गति देने का प्रयास किया जाएगा। मेयर ने कहा कि शहर का समग्र विकास नगर निगम की सर्वोच्च प्राथमिकता है और जनहित से जुड़े कार्यों को आगे बढ़ाने के लिए सभी पार्षदों के साथ मिलकर काम किया जाएगा।
बैठक में सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित किए जाने वाले विभिन्न सेवा एवं जनकल्याणकारी कार्यक्रमों की जानकारी भी दी गई। अभियान के दौरान रक्तदान शिविर, स्वच्छता अभियान, पौधारोपण, जल संरक्षण, पात्र लाभार्थियों को जनकल्याणकारी योजनाओं से जोड़ने के लिए सेवा शिविर तथा सामाजिक जागरूकता से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

बैठक में जरूरतमंद लोगों तक सेवा और सहायता पहुंचाने, पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने तथा समाज के अंतिम व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए जनभागीदारी के साथ कार्य करने पर जोर दिया गया। पार्षदों और भाजपा कार्यकर्ताओं से अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की गई।
इसके साथ ही 16 सितंबर को होने वाली नगर निगम हाउस की बैठक को लेकर भी चर्चा की गई। बैठक में शहर से जुड़े विकास कार्यों और जनहित के विभिन्न मुद्दों पर विस्तृत चर्चा की जाएगी। पार्षदों ने शहर के विकास और जनसेवा से जुड़े कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाने तथा सेवा संकल्प अभियान को सफल बनाने के लिए मिलकर कार्य करने का भरोसा दिलाया।
Editor: गरिमा बागोतिया



