Yamunanagar News | कुवि मेरिट में कामना ने पाया चौथा स्थान : हासिल किए 77% अंक | शिक्षक बनने का सपना

डीएवी गर्ल्स कॉलेज के पत्रकारिता एवं जनसंचार विभाग की छात्रा कामना ने कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय की मेरिट सूची में चौथा स्थान हासिल किया है। बीए मास कम्युनिकेशन के छठे सेमेस्टर में कामना ने 3300 में से 2538 अंक प्राप्त किए। उसने 77 प्रतिशत अंकों के साथ नौ सीजीपीए हासिल कर कॉलेज का नाम रोशन किया।
कॉलेज की कार्यवाहक प्रिंसिपल डॉ. सुरिंदर कौर ने कामना को इस उपलब्धि पर बधाई देते हुए उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय की मेरिट सूची में चौथा स्थान हासिल करना छात्रा की मेहनत, लगन और शिक्षकों के मार्गदर्शन का परिणाम है। कामना की उपलब्धि पूरे कॉलेज परिवार के लिए गर्व की बात है।
डॉ. सुरिंदर कौर ने बताया कि कॉलेज के वार्षिक पुरस्कार वितरण समारोह में कामना को विशेष रूप से सम्मानित किया जाएगा। उन्होंने पत्रकारिता एवं जनसंचार विभाग के अध्यक्ष डॉ. परमेश कुमार त्यागी सहित विभाग के अन्य शिक्षकों को भी छात्रा की उपलब्धि पर बधाई दी।
विभागाध्यक्ष डॉ. परमेश कुमार त्यागी ने बताया कि पढ़ाई के साथ कामना ने राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित विभिन्न मीडिया फेस्ट में भी भाग लेकर अपनी प्रतिभा दिखाई है। उसने अलग-अलग प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन किया है। उन्होंने कहा कि पढ़ाई और अन्य गतिविधियों में लगातार सक्रिय रहकर कामना ने यह उपलब्धि हासिल की है और उसकी सफलता दूसरे विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणादायक है।
कामना का लक्ष्य भविष्य में शिक्षक बनकर शिक्षा के क्षेत्र में काम करना है। उसका मानना है कि शिक्षा केवल रोजगार हासिल करने का माध्यम नहीं है, बल्कि इसके जरिए समाज में सकारात्मक बदलाव भी लाया जा सकता है। विश्वविद्यालय की मेरिट सूची में स्थान मिलने के बाद उसका आत्मविश्वास बढ़ा है और वह अपने लक्ष्य को हासिल करने के लिए आगे भी मेहनत जारी रखना चाहती है।
कॉलेज प्रबंधन और पत्रकारिता एवं जनसंचार विभाग ने कामना की उपलब्धि पर खुशी जताते हुए उसके भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।
Editor: शिवानी राजपूत



