Yamunanagar News | खेल पखवाड़े का हुआ शुभारंभ : तेजली में हॉकी प्रतियोगिता | युवाओं ने दिखाया उत्साह | खेलों से जुड़ने का संदेश

राष्ट्रीय खेल दिवस और महान हॉकी खिलाड़ी मेजर ध्यानचंद की जयंती के उपलक्ष्य में क्रीड़ा भारती यमुनानगर की ओर से खेल पखवाड़े का शुभारंभ किया गया। तेजली खेल परिसर में आयोजित हॉकी प्रतियोगिता में बड़ी संख्या में युवा खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया और अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम में जिला खेल अधिकारी शिल्पा गुप्ता मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचीं। उन्होंने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया और उनका उत्साह बढ़ाया। उन्होंने युवाओं को नियमित रूप से खेल गतिविधियों में भाग लेने के लिए प्रेरित किया।
शिल्पा गुप्ता ने कहा कि खेल केवल प्रतियोगिता तक सीमित नहीं हैं, बल्कि स्वस्थ और अनुशासित जीवन का भी आधार हैं। वर्तमान समय में बच्चों और युवाओं को मोबाइल और दूसरे डिजिटल माध्यमों पर अधिक समय बिताने के बजाय खेल मैदान से जोड़ना जरूरी है। उन्होंने खेलों को बढ़ावा देने के लिए क्रीड़ा भारती की ओर से किए जा रहे प्रयासों की सराहना की।

क्रीड़ा भारती के उत्तर क्षेत्र सह संयोजक डॉ. उमेश प्रताप वत्स ने कहा कि देश में खेल प्रतिभाओं की कमी नहीं है। जरूरत उन्हें सही मंच, प्रशिक्षण और मार्गदर्शन उपलब्ध कराने की है। क्रीड़ा भारती का प्रयास गांव, कस्बों और शहरों तक खेल गतिविधियां पहुंचाकर नई प्रतिभाओं को सामने लाना है।
उन्होंने कहा कि उभरते खिलाड़ियों को उचित अवसर मिलने से वे आगे बढ़कर बेहतर प्रदर्शन कर सकते हैं। उन्होंने खिलाड़ियों को मेहनत, अनुशासन और खेल भावना के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। खेल पखवाड़े के दौरान विभिन्न खेल गतिविधियां आयोजित कर युवाओं को खेलों से जोड़ने का अभियान जारी रहेगा।
क्रीड़ा भारती के जिला अध्यक्ष सुमित गुप्ता ने कहा कि खेल पखवाड़े का उद्देश्य प्रतियोगिताएं आयोजित करने के साथ समाज में खेलों के प्रति जागरूकता बढ़ाना और अधिक बच्चों व युवाओं को मैदान तक लाना है। उन्होंने मेजर ध्यानचंद के जीवन और खेल उपलब्धियों को खिलाड़ियों के लिए प्रेरणास्रोत बताया।
क्रीड़ा भारती के संरक्षक राम निवास गर्ग ने कहा कि खेलों से अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना विकसित होती है। बच्चों को पढ़ाई के साथ खेलों के लिए भी पर्याप्त समय देना चाहिए। उन्होंने आयोजन से जुड़े सदस्यों को शुभकामनाएं देते हुए खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया।
हॉकी प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने उत्साह के साथ हिस्सा लिया। कार्यक्रम में पूर्व जिला खेल अधिकारी राजेंद्र गुप्ता, पूर्व जिला खेल अधिकारी एवं हॉकी कोच डीके साहनी, कोषाध्यक्ष संजीव कंबोज, किरन वधन, जय प्रकाश सिंह, विनय अग्रवाल, भावना दुआ, गुरुदत्त कीमोठी, एईओ गोपाल सिंह, अवधेश कुमार, चंद्रपाल राणा, हरीश कुमार, नितिन वालिया, संजीव नागरा और कृष्ण लाल सहित अन्य मौजूद रहे।



