Yamunanagar News | 14 सितंबर को लगेगा मेगा जॉब फेयर : 1000 से अधिक युवा लेंगे भाग | करीब 100 कंपनियां देंगी रोजगार का मौका

राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) यमुनानगर और जिला रोजगार कार्यालय के संयुक्त तत्वावधान में 14 सितंबर 2026 को जिला स्तरीय मेगा जॉब फेयर का आयोजन किया जाएगा। आईटीआई के प्रधानाचार्य भूपिंदर सिंह ने बताया कि रोजगार मेले में जिले के 1000 से अधिक छात्र-छात्राओं और करीब 100 औद्योगिक प्रतिष्ठानों एवं नियोक्ताओं के भाग लेने की संभावना है।
प्रधानाचार्य ने बताया कि जॉब फेयर में हरियाणा के साथ आसपास के राज्यों और यमुनानगर क्षेत्र के विभिन्न औद्योगिक प्रतिष्ठानों के प्रतिनिधि पहुंचेंगे। कंपनियों के प्रतिनिधि मौके पर ही अभ्यर्थियों की योग्यता के आधार पर चयन प्रक्रिया पूरी करेंगे।

उन्होंने बताया कि मेगा जॉब फेयर में मारुति सुजुकी इंडिया लिमिटेड, स्वराज महिंद्रा ट्रैक्टर्स, इशर यमुनानगर, चंद्रपुर इंडस्ट्रीज, लरक इंडस्ट्रीज और जमना ऑटो सहित विभिन्न औद्योगिक प्रतिष्ठानों के प्रतिनिधियों के शामिल होने की जानकारी दी गई है।
कार्यक्रम में हरियाणा के ऊर्जा एवं परिवहन मंत्री अनिल विज मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे। रोजगार की तलाश कर रहे इच्छुक अभ्यर्थियों को अपने शैक्षणिक प्रमाण-पत्र, बायोडाटा और पासपोर्ट साइज फोटो के साथ समय पर कार्यक्रम स्थल पर पहुंचने के लिए कहा गया है।

वहीं, राजकीय आईटीआई यमुनानगर में मंगलवार को भारत सरकार के सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्रालय के अधीन एमएसएमई विकास कार्यालय करनाल की ओर से पीएम विश्वकर्मा योजना के लाभार्थियों के लिए जागरूकता कार्यक्रम भी आयोजित किया गया। इसमें डिजिटल मार्केटिंग, उत्पाद पैकेजिंग और कृत्रिम बुद्धिमत्ता के व्यावसायिक उपयोग की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम की शुरुआत एमएसएमई डीएफओ करनाल की सहायक निदेशक मीनू धीमान ने की। आईटीआई प्रधानाचार्य भूपिंदर सिंह सांगवान ने पीएम विश्वकर्मा योजना के महत्व और इससे मिलने वाले लाभों की जानकारी दी।
जिला एमएसएमई केंद्र के रोहित कुमार ने लाभार्थियों के सत्यापन और प्रशिक्षण प्रक्रिया, जबकि एलडीएम सुभाष चंद ने ऋण प्रक्रिया के बारे में बताया। आरसेटी निदेशक रवि गोयला ने कारीगरों को लागत और मूल्य निर्धारण के साथ वित्तीय साक्षरता की जानकारी दी।
कार्यक्रम में डिजिटल मार्केटिंग, पैकेजिंग, ब्रांडिंग और निर्यात के अवसरों पर भी विशेषज्ञों ने जानकारी साझा की। प्रतिभागियों को ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म पर पंजीकरण कराने में सहायता दी गई और उनके व्यवसाय एवं उत्पादों के लिए क्यूआर कोड भी तैयार किए गए। प्रश्नोत्तर सत्र में लाभार्थियों ने विशेषज्ञों से व्यवसाय और योजना से जुड़े सवालों पर मार्गदर्शन लिया।
Editor: शिवानी राजपूत



