Yamunanagar News | विदेश भेजने के नाम पर 11.50 लाख की ठगी : चंडीगढ़ निवासी आरोपी गौरव कटारिया गिरफ्तार | मोहाली में चलाता था इमिग्रेशन सेंटर

विदेश भेजने के नाम पर थापर कॉलोनी निवासी युवक से साढ़े 11 लाख रुपये की ठगी के मामले में थाना शहर यमुनानगर पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान चंडीगढ़ के सेक्टर-9 निवासी गौरव कटारिया के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार आरोपी पंजाब के एसएएस नगर मोहाली स्थित एससीओ-16 में नव इमिग्रेशन के नाम से सेंटर चलाता था। इस मामले में थाना शहर यमुनानगर में 20 मार्च को केस दर्ज किया गया था।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि पुलिस अधीक्षक कमलदीप गोयल के मार्गदर्शन में थाना शहर यमुनानगर की टीम ने मामले में कार्रवाई करते हुए गौरव कटारिया को गिरफ्तार किया। शिकायत में विदेश भेजने और वहां रोजगार दिलाने के नाम पर रुपये लेने का आरोप लगाया गया था।
थाना प्रभारी मनोज कुमार के अनुसार थापर कॉलोनी निवासी मोहनलाल ने पुलिस को शिकायत दी थी। शिकायतकर्ता ने बताया कि उसका बेटा अंशुल पढ़ाई पूरी करने के बाद रोजगार के लिए विदेश जाना चाहता था। इसी दौरान उन्हें गौरव कटारिया और गौरव शर्मा के विदेश भेजने का काम करने के बारे में जानकारी मिली।
शिकायत के अनुसार मोहनलाल अपने बेटे अंशुल के साथ दोनों से मिला। आरोप है कि उन्होंने अंशुल को विदेश भेजने और वहां रोजगार मिलने की बात कही। शिकायतकर्ता का कहना है कि उनकी बातों पर विश्वास करते हुए उसने अलग-अलग समय पर कुल साढ़े 11 लाख रुपये दिए।
आरोप है कि काफी समय गुजरने के बाद भी अंशुल का वीजा नहीं लगा। इसके बाद शिकायतकर्ता ने दिए गए रुपये वापस मांगे, लेकिन रकम वापस नहीं मिली। इसके बाद मोहनलाल ने पुलिस को मामले की शिकायत दी।
शिकायत के आधार पर थाना शहर यमुनानगर पुलिस ने 20 मार्च को मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी। जांच के लिए एएसआई किरण चंद के नेतृत्व में पुलिस टीम का गठन किया गया। टीम ने मामले में कार्रवाई करते हुए आरोपी गौरव कटारिया को गिरफ्तार किया।
पुलिस अब मामले से जुड़े लेनदेन और अन्य तथ्यों की जांच कर रही है। शिकायत में गौरव शर्मा का नाम भी सामने आया है। मामले में उसकी भूमिका को लेकर आगे की कार्रवाई जांच के आधार पर की जाएगी।
पुलिस का कहना है कि विदेश भेजने के नाम पर हुई कथित ठगी से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। आरोपी की गिरफ्तारी के बाद पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।
Editor: शिवानी राजपूत



