Yamunanagar News | महाराजा अग्रसेन कॉलेज में टैलेंट शो का आगाज : विद्यार्थियों ने दिखाई प्रतिभा | पेंटिंग-क्विज समेत कई प्रतियोगिताएं

महाराजा अग्रसेन महाविद्यालय में यूथ एंड कल्चरल अफेयर्स विभाग, कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के सौजन्य से दो दिवसीय टैलेंट शो का उत्साह के साथ शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा दिखाने के लिए मंच उपलब्ध कराने के साथ उनकी रचनात्मक और सांस्कृतिक क्षमताओं को प्रोत्साहित करना है।
टैलेंट शो के पहले दिन विद्यार्थियों ने विभिन्न प्रतियोगिताओं में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। महाविद्यालय के कॉन्फ्रेंस हॉल में भाषण और कविता पाठ प्रतियोगिता आयोजित की गई। विद्यार्थियों ने अलग-अलग विषयों पर अपनी बात रखी और कविताओं के माध्यम से अपनी रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
क्विज प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने सामान्य ज्ञान और बौद्धिक क्षमता का परिचय दिया। वहीं कॉमर्शियल आर्ट्स विभाग में आयोजित पेंटिंग प्रतियोगिता भी आकर्षण का केंद्र रही। प्रतिभागियों ने निर्धारित समय के भीतर रंगों के माध्यम से अपनी कल्पनाशीलता और कलात्मक प्रतिभा को प्रस्तुत किया।
महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. करुणा ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजन आत्मविश्वास, रचनात्मकता और व्यक्तित्व विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने सभी प्रतिभागियों को शुभकामनाएं देते हुए भविष्य में भी सांस्कृतिक और रचनात्मक गतिविधियों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने के लिए प्रेरित किया।
पेंटिंग प्रतियोगिता में बीए द्वितीय वर्ष के अनिकेत ने प्रथम, बीए प्रथम वर्ष की सुहानी देवी ने द्वितीय और बीकॉम द्वितीय वर्ष की सीरत कौर ने तृतीय स्थान हासिल किया।
क्विज प्रतियोगिता में बीसीए तृतीय वर्ष के गुरजीत और सूरज की टीम प्रथम रही। बीसीए तृतीय वर्ष की प्रीत कौर और बीसीए द्वितीय वर्ष की लिपिका ने दूसरा स्थान प्राप्त किया। बीसीए द्वितीय वर्ष की मीनाक्षी और बीसीए तृतीय वर्ष के पारस की टीम तीसरे स्थान पर रही।
भाषण प्रतियोगिता में बीकॉम तृतीय वर्ष की रेणु ने प्रथम और बीसीए तृतीय वर्ष की प्रीत कौर ने द्वितीय स्थान हासिल किया। बीसीए प्रथम वर्ष की नैना और बीए द्वितीय वर्ष की अनिका संयुक्त रूप से तीसरे स्थान पर रहीं।
कविता पाठ प्रतियोगिता में बीए तृतीय वर्ष की प्रीति प्रथम और बीए द्वितीय वर्ष की नेहा द्वितीय स्थान पर रहीं। बीसीए तृतीय वर्ष की प्रीत कौर और बीबीए तृतीय वर्ष की शिफा ने संयुक्त रूप से तीसरा स्थान हासिल किया।
कार्यक्रम के आयोजन में कल्चरल कमेटी की संयोजिका डॉ. वीरा रानी और सह-संयोजिका प्रोफेसर सीमा जैन के साथ प्रोफेसर सपना कंबोज, हीना धीमान, मंजू और अभिषेक सहित अन्य स्टाफ सदस्यों का सहयोग रहा। पहले दिन की प्रतियोगिताओं में डॉ. एमएल सिंगला, प्रोफेसर पूनम गर्ग और डॉ. वीएस ढिल्लों निर्णायक मंडल में शामिल रहे।
महाविद्यालय के अनुसार टैलेंट शो के पहले दिन विद्यार्थियों में काफी उत्साह देखने को मिला। दो दिवसीय आयोजन का समापन 1 सितंबर को कॉलेज ऑडिटोरियम में विभिन्न प्रतियोगिताओं के आयोजन के साथ होगा।



