Bahadurgarh News | प्रॉपर्टी ID विवाद में चेयरपर्सन ने DCP को दी शिकायत : आरोपों को बताया निराधार | बोलीं-न आवेदन किया, न निर्देश दिया

झज्जर जिले के बहादुरगढ़ नगर परिषद की चेयरपर्सन सरोज राठी ने प्रॉपर्टी आईडी से जुड़े विवाद को लेकर डीसीपी को शिकायत पत्र भेजकर मामले की निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग की है। चेयरपर्सन का आरोप है कि कुछ लोगों द्वारा उनका और उनके परिवार का नाम कथित फर्जी प्रॉपर्टी आईडी से जोड़कर उनकी सामाजिक और व्यक्तिगत छवि को नुकसान पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।
सरोज राठी ने अपनी शिकायत में कहा कि पूरे मामले की जांच निष्पक्ष तरीके से की जानी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाने वाले इनेलो नेता कपूर सिंह राठी को भी जांच में शामिल करने की मांग की है। उनका कहना है कि जांच में यह स्पष्ट होना चाहिए कि विवादित प्रॉपर्टी आईडी किस व्यक्ति ने बनवाई और इसके लिए किन दस्तावेजों का इस्तेमाल किया गया।

दरअसल, इनेलो नेता कपूर सिंह राठी ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान नगर परिषद से संबंधित कुछ प्रॉपर्टी आईडी का मुद्दा उठाया था। उन्होंने चेयरपर्सन सरोज राठी और उनके परिवार के सदस्यों पर गलत तरीके से प्रॉपर्टी आईडी बनवाने के आरोप लगाए थे। इसी के बाद यह मामला चर्चा में आया।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में प्रॉपर्टी आईडी 3BYQGG45, BGR/W8/1276 और 3BY75CS56 का भी जिक्र किया गया था। कपूर सिंह राठी की ओर से इन प्रॉपर्टी आईडी को लेकर लगाए गए आरोपों को अब चेयरपर्सन ने खारिज करते हुए पुलिस प्रशासन से पूरे मामले की जांच कराने की मांग की है।
चेयरपर्सन सरोज राठी का कहना है कि संबंधित प्रॉपर्टी आईडी बनवाने के लिए न तो उन्होंने कोई आवेदन किया और न ही उनके परिवार के किसी सदस्य ने इसके लिए आवेदन दिया। उन्होंने दावा किया कि उनकी तरफ से किसी अधिकारी या कर्मचारी को प्रॉपर्टी आईडी बनाने का कोई निर्देश अथवा सहमति भी नहीं दी गई।
उन्होंने डीसीपी से मांग की कि जांच के दौरान संबंधित प्रॉपर्टी आईडी से जुड़े आवेदन, दस्तावेज और अन्य रिकॉर्ड की जांच की जाए। इससे यह स्पष्ट हो सकेगा कि आईडी किस आधार पर और किसकी ओर से बनवाई गई थी।

सरोज राठी ने कहा कि यदि जांच में नगर परिषद के किसी अधिकारी, कर्मचारी अथवा किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका सामने आती है तो उसके खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई की जाए। उन्होंने मामले की सच्चाई सार्वजनिक रूप से सामने लाने की मांग भी की है।
चेयरपर्सन का दावा है कि उनके पास ऐसे दस्तावेज मौजूद हैं, जिनसे विवादित प्रॉपर्टी आईडी के संबंध में महत्वपूर्ण तथ्य सामने आ सकते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि संबंधित आईडी कथित तौर पर फर्जी दस्तावेजों के आधार पर तैयार की गई हैं। हालांकि इन दावों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
इस मामले में एक तरफ इनेलो नेता कपूर सिंह राठी की ओर से चेयरपर्सन और उनके परिवार को लेकर आरोप लगाए गए हैं, वहीं दूसरी तरफ सरोज राठी ने आरोपों को निराधार बताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है। अब पुलिस जांच के बाद ही प्रॉपर्टी आईडी से जुड़े विवाद की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
Editor: गरिमा बागोतिया



