Panchkula News | राज्य शिक्षक पुरस्कार समारोह में पहुंचे CM सैनी : शिक्षकों को दी बधाई | शिक्षा सुधारों का रखा लेखा-जोखा

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने पंचकूला में आयोजित राज्य शिक्षक पुरस्कार वितरण समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। शिक्षक दिवस के अवसर पर आयोजित समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने प्रदेश के सभी शिक्षकों को शुभकामनाएं दीं और राज्य शिक्षक पुरस्कार से सम्मानित होने वाले शिक्षकों का अभिनंदन किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य शिक्षक पुरस्कार वितरण समारोह में शामिल होना उनके लिए गौरव और सम्मान का क्षण है। यह समारोह शिक्षा के प्रति शिक्षकों के समर्पण और योगदान के लिए कृतज्ञता व्यक्त करने का अवसर है। उन्होंने पूर्व राष्ट्रपति डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन को याद करते हुए कहा कि उनके जन्मदिन को देशभर में शिक्षक दिवस के रूप में मनाया जाता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि तकनीक के इस दौर में शिक्षक की भूमिका कम नहीं हुई है, बल्कि पहले से अधिक महत्वपूर्ण हो गई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में लागू नई शिक्षा नीति में समझ, कौशल, नवाचार और भारतीय मूल्यों को शिक्षा से जोड़ने का प्रयास किया गया है। अब शिक्षा का उद्देश्य केवल डिग्री हासिल करना नहीं, बल्कि योग्य, आत्मनिर्भर, संवेदनशील और राष्ट्रनिष्ठ नागरिक तैयार करना भी है।

हरियाणा की शिक्षा व्यवस्था का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार इसमें लगातार सुधार कर रही है। उन्होंने बताया कि चालू वित्त वर्ष में स्कूल शिक्षा का बजट बढ़ाकर 18,538 करोड़ रुपये किया गया है। गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का दायरा बढ़ाने के लिए मॉडल संस्कृति विद्यालयों की संख्या 218 की गई है और प्रदेश में 251 पीएम श्री विद्यालय विकसित किए गए हैं।
मुख्यमंत्री के अनुसार प्रदेश के 250 विद्यालयों को CM-EEE स्कूलों के रूप में विकसित किया जा रहा है। विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ खेलों के लिए प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से 3,328 विद्यालयों में खेल मैदान विकसित किए जा रहे हैं। गणित में विद्यार्थियों की रुचि बढ़ाने के लिए हरियाणा गणित ओलंपियाड शुरू किया गया है।
उन्होंने बताया कि युवाओं को रोजगार के लिए तैयार करने और उनमें उद्यमिता की भावना विकसित करने के उद्देश्य से कौशल बिजनेस चैलेंज शुरू किया गया है। इसके अतिरिक्त एक विद्यालय को स्कूल ऑफ एक्सीलेंस इन स्किल एजुकेशन के रूप में विकसित किया जा रहा है। सरकारी स्कूलों के प्रतिभाशाली विद्यार्थियों के लिए चलाए जा रहे सुपर-100 और बुनियाद कार्यक्रमों को भी मजबूत किया गया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा के निपुण कार्यक्रम को देखने और समझने के लिए देश के विभिन्न राज्यों के साथ 23 देशों के प्रतिनिधि भी आ रहे हैं। बच्चों और उनके परिवारों को संकट की स्थिति में सुरक्षा देने के लिए वीर बाल मेमोरियल इनिशिएटिव योजना का प्रावधान किया गया है। शिक्षकों की स्थानांतरण व्यवस्था को अधिक पारदर्शी बनाने के लिए नई शिक्षक स्थानांतरण नीति भी लागू की गई है।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने शिक्षकों से आह्वान किया कि वे शिक्षा के क्षेत्र में हरियाणा को देश का अग्रणी राज्य बनाने के लिए काम करें और विकसित भारत के निर्माण में अपना योगदान दें। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों के भविष्य निर्माण के साथ समाज और राष्ट्र के निर्माण में भी शिक्षकों की महत्वपूर्ण भूमिका है।
Editor: शिवानी राजपूत



