Panchkula News | अनुबंधित बिजली कर्मचारियों का प्रदर्शन : लंबित मांगों को लेकर जताया विरोध | नियमित करने की उठाई मांग

हरियाणा के अनुबंधित बिजली कर्मचारियों ने अपनी लंबित मांगों को लेकर पंचकूला में विरोध प्रदर्शन किया। अनुबंधित विद्युत कर्मचारी संघ हरियाणा ने प्रदेश सरकार और बिजली विभाग से कर्मचारियों की मांगों का जल्द समाधान करने की मांग की है। संघ ने मांगें पूरी नहीं होने पर आंदोलन तेज करने की चेतावनी भी दी।
संघ के प्रदेश मीडिया प्रभारी रविक्ष श्रीवास्तव ने बताया कि बिजली विभाग में बड़ी संख्या में अनुबंधित कर्मचारी जोखिम के बीच अपनी सेवाएं दे रहे हैं। इसके बावजूद उनकी मांगों पर अपेक्षित कार्रवाई नहीं की जा रही है। संघ का कहना है कि ड्यूटी के दौरान कई अनुबंधित कर्मचारियों की जान जा चुकी है और कई कर्मचारी हादसों में गंभीर रूप से घायल हुए हैं।

संघ ने दावा किया कि बिजली विभाग में होने वाली घातक और गैर-घातक दुर्घटनाओं में करीब 90 प्रतिशत मामले अनुबंधित कर्मचारियों से जुड़े हैं। ऐसे में कर्मचारियों की नौकरी और भविष्य की सुरक्षा के लिए ठोस कदम उठाए जाने चाहिए।
कर्मचारी संघ ने मांग की कि बिजली विभाग में कार्यरत पात्र अनुबंधित कर्मचारियों को Security of Service Act के तहत नियमित किया जाए और उन्हें 15 अगस्त 2024 से बकाया वेतन का लाभ दिया जाए।
इसके अलावा आउटसोर्सिंग पॉलिसी 2006 के तहत कार्यरत कर्मचारियों को हरियाणा सरकार की 25 अप्रैल 2025 की पॉलिसी के तहत समान वेतन का लाभ देने की मांग भी रखी गई है। पांच साल से कार्यरत कर्मचारियों को नौकरी की सुरक्षा देने की मांग की गई।
संघ ने एचपीजीसीएल के खेदड़ और यमुनानगर थर्मल प्लांट में पांच वर्षों से कार्यरत अनुबंधित कर्मचारियों को HKRN में शामिल करने की मांग भी उठाई। साथ ही पांच वर्ष से अधिक समय से काम कर रहे कर्मचारियों को Security of Service Act के दायरे में लाने की मांग की गई।
कर्मचारी नेताओं ने कहा कि सरकार और बिजली विभाग को उनकी मांगों पर जल्द निर्णय लेना चाहिए। मांगों का समाधान नहीं होने पर अनुबंधित कर्मचारी आगे आंदोलन तेज करने को मजबूर होंगे।



