Panchkula News | 17 सितंबर से सेवा संकल्प अभियान : एक महीने प्रदेशभर में होंगे कार्यक्रम | 17 अक्टूबर को होगा समापन

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने पंचकूला में आयोजित प्रेस वार्ता में सेवा संकल्प अभियान की तैयारियों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि प्रदेशभर में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक अभियान चलाया जाएगा। इसकी शुरुआत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर सेवा दिवस के रूप में होगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि 7 अक्टूबर 2026 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की शासन यात्रा के 25 वर्ष पूरे हो रहे हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री के मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के रूप में कार्यकाल को सेवा, सुशासन, संकल्प और राष्ट्र निर्माण से जोड़ते हुए कहा कि इस अवधि में देश ने आर्थिक विकास, सुरक्षा, बुनियादी ढांचे, गरीब कल्याण, महिला सशक्तिकरण और कृषि सहित विभिन्न क्षेत्रों में बदलाव देखा है।
मुख्यमंत्री ने दावा किया कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व और गरीब कल्याण की नीतियों के कारण करीब 25 करोड़ लोग गरीबी रेखा से बाहर आए हैं। उन्होंने कहा कि युवा शक्ति को नवाचार, आत्मनिर्भरता और उद्यमिता से जोड़ने के साथ महिला नेतृत्व वाले विकास को भी बढ़ावा दिया गया है।

मुख्यमंत्री ने हरियाणा को प्रधानमंत्री की कर्मभूमि बताते हुए कहा कि उनका प्रदेश से विशेष जुड़ाव रहा है। उन्होंने दावा किया कि पिछले 12 वर्षों में केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं के माध्यम से हरियाणा को सात लाख करोड़ रुपये से अधिक की राशि मिली है। उनके अनुसार प्रधानमंत्री अपने कार्यकाल के दौरान 18 बार हरियाणा आए हैं।
मुख्यमंत्री ने बताया कि सेवा संकल्प अभियान की शुरुआत 17 सितंबर को रक्तदान शिविरों से होगी। इसी दिन शाम को 'आशीर्वाद का दीया' कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। उन्होंने प्रदेश के परिवारों से शाम 7 बजे अपने घर में दीया जलाने का आह्वान किया।
17 सितंबर से 7 अक्टूबर के बीच स्कूलों में 'सेवा चित्र' विषय पर चित्रकला और भाषण प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। 'सेवा स्मरण' कार्यक्रम के तहत नुक्कड़ नाटकों और अन्य प्रस्तुतियों के माध्यम से सरकार की उपलब्धियों और प्रधानमंत्री की राजनीतिक यात्रा से जुड़े विषयों को लोगों तक पहुंचाया जाएगा।
मुख्यमंत्री के अनुसार 25 सितंबर से 7 अक्टूबर तक 'आंगन का मिलन' कार्यक्रम आयोजित होंगे। 'कहानी बदलाव की' अभियान के माध्यम से नागरिकों की परिवर्तन से जुड़ी कहानियां सामने लाई जाएंगी। इसके अलावा विकसित भारत संकल्प यात्रा, सेवा ज्योति यात्रा, सेवा रंग, हैकाथॉन और इनोवेशन चैलेंज जैसे कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि सेवा सेतु अभियान के तहत प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में ब्लॉक स्तर पर शिविर लगाए जाएंगे। प्रधानमंत्री के जन्मस्थान वडनगर से विशेष यात्राएं निकालने की भी योजना है, जो अलग-अलग मार्गों से कई राज्यों से गुजरेंगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि एक महीने चलने वाले सेवा संकल्प अभियान का समापन 17 अक्टूबर को 'जनसेवक महाकुंभ-पंचायत से पार्लियामेंट' कार्यक्रम के साथ किया जाएगा। उन्होंने प्रदेशवासियों से अभियान में भाग लेने का आह्वान किया।
Editor: शिवानी राजपूत



