Kurukshetra News | जनता दरबार में पहुंचे 32 फरियादी : एसपी ने सुनीं शिकायतें | लंबित मामलों में जल्द कार्रवाई के निर्देश

कुरुक्षेत्र। लोगों की शिकायतों के जल्द समाधान के उद्देश्य से थाना केयूके परिसर में पुलिस अधीक्षक चंद्र मोहन की ओर से छठा जनता दरबार लगाया गया। जनता दरबार में 32 शिकायतकर्ता अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे। पुलिस अधीक्षक ने शिकायतों को सुना और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
जनता दरबार में जमीन संबंधी विवाद, लेनदेन और आपसी लड़ाई-झगड़े से जुड़े मामले सामने आए। पुलिस अधीक्षक ने संबंधित अधिकारियों को शिकायतों की गंभीरता से जांच कर नियमानुसार कार्रवाई करने को कहा। जिन मामलों में कार्रवाई पहले से लंबित थी, उनमें भी तेजी लाने के निर्देश दिए गए।

एसपी चंद्र मोहन ने कहा कि जनता दरबार का उद्देश्य ऐसे लोगों की शिकायतों का समाधान करना है, जिनके मामलों का थाना स्तर पर निपटारा नहीं हो पाया है। इसके माध्यम से शिकायतकर्ताओं की समस्याओं को सीधे सुनकर संबंधित अधिकारियों को कार्रवाई के लिए निर्देशित किया जा रहा है।
पुलिस अधीक्षक ने अधिकारियों और कर्मचारियों को शिकायतों के निपटारे में लापरवाही नहीं बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसी कर्मचारी की लापरवाही सामने आने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

जनता दरबार के बाद एसपी चंद्र मोहन ने थाना केयूके का निरीक्षण भी किया। उन्होंने थाना परिसर की साफ-सफाई, रिकॉर्ड के रखरखाव और दैनिक कार्यप्रणाली का जायजा लिया तथा अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
Editor: नितिन यादव



