Kurukshetra News | पिहोवा में किसानों की महापंचायत : धान खरीद-MSP समेत कई मांगें उठाईं | डीसी को सौंपा ज्ञापन

पिहोवा की अनाज मंडी में गुरुवार को प्रदेश स्तरीय किसान महापंचायत आयोजित हुई। इसमें विभिन्न किसान संगठनों के प्रतिनिधि एक मंच पर जुटे और धान खरीद, फसलों के भाव, MSP, गन्ने व दूध के रेट समेत किसानों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की। महापंचायत के बाद किसानों ने मौके पर पहुंचे डीसी विश्राम कुमार मीणा को अपनी मांगों का ज्ञापन सौंपा।
भारतीय किसान यूनियन पिहोवा के प्रवक्ता प्रिंस वड़ैच ने बताया कि हरियाणा किसान-मजदूर संगठन समेत विभिन्न किसान संगठनों ने शांतिपूर्ण तरीके से अपनी मांगें प्रशासन के सामने रखी हैं। उन्होंने कहा कि धान खरीद का सीजन शुरू होने वाला है, इसलिए मंडियों में खरीद व्यवस्था सुचारु रखने की मांग प्रमुखता से उठाई गई है।

किसान संगठनों ने मांग की कि धान खरीद के दौरान किसानों को मंडियों में परेशानी न हो और फसल का भुगतान समय पर किया जाए। धान में निर्धारित नमी की सीमा बढ़ाने की मांग भी रखी गई। इसके अलावा फसलों पर MSP, गन्ने के भाव और दूध के रेट में बढ़ोतरी समेत अन्य मांगों को ज्ञापन में शामिल किया गया।
महापंचायत में पशुपालन से जुड़े किसानों के लिए दूध का उचित भाव सुनिश्चित करने का मुद्दा भी उठाया गया। किसान नेताओं का कहना है कि खेती के साथ पशुपालन करने वाले किसानों को उनकी लागत के अनुरूप दूध का भाव मिलना चाहिए।
प्रिंस वड़ैच ने कहा कि पिछली बार धान खरीद के दौरान सामने आई समस्याओं को लेकर भी प्रशासन के सामने सुझाव रखे गए हैं। उन्होंने कहा कि किसान संगठनों की मांगों पर उचित कार्रवाई नहीं हुई तो आपसी विचार-विमर्श के बाद आगामी रणनीति तय की जाएगी।
मौके पर पहुंचे डीसी विश्राम कुमार मीणा ने किसान संगठनों से ज्ञापन लिया। उन्होंने कहा कि किसानों की मांगों को संबंधित विभागों और सक्षम अधिकारियों तक पहुंचाया जाएगा। धान खरीद के दौरान प्रशासन की ओर से व्यवस्था सुचारु रखने का प्रयास किया जाएगा, ताकि किसानों को मंडियों में परेशानी का सामना न करना पड़े।
दूध के रेट से जुड़ी मांग पर डीसी ने कहा कि सोमवार को वीटा के एमडी के साथ किसान प्रतिनिधियों की बातचीत करवाने का प्रयास किया जाएगा। किसान संगठनों ने प्रशासन से ज्ञापन में शामिल मांगों पर जल्द कार्रवाई की अपेक्षा जताई है।
Editor: शिवानी राजपूत



