Yamunanagar News | विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग 2027 : 10,500 युवाओं को जोड़ने का लक्ष्य | क्विज से होगी शुरुआत

युवाओं को विकसित भारत के निर्माण से जोड़ने के उद्देश्य से भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय की ओर से विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग 2027 का आयोजन किया जा रहा है। इसके तहत ऑनलाइन क्विज, निबंध लेखन के साथ जिला स्तर पर विभिन्न सांस्कृतिक प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। यमुनानगर जिले में 10,500 युवाओं की भागीदारी का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
कार्यक्रम के शुरुआती चरण ऑनलाइन होंगे। पहले चरण में माय भारत पोर्टल के माध्यम से विकसित भारत क्विज आयोजित की जाएगी। इसमें प्रतिभागियों को 20 प्रश्नों के उत्तर 10 मिनट में देने होंगे और क्विज में भाग लेने का एक अवसर मिलेगा।

इसके बाद विकसित भारत निबंध लेखन प्रतियोगिता आयोजित होगी। आगे के चरणों में युवाओं को विभिन्न प्रस्तुतियों और गतिविधियों के माध्यम से अपने विचार, प्रतिभा और नेतृत्व क्षमता प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा।
जिला स्तर पर लोकगीत, लोक नृत्य, भाषण, कविता लेखन एवं पाठ और चित्रकला जैसी प्रतियोगिताएं भी आयोजित की जाएंगी। इन प्रतियोगिताओं के माध्यम से युवाओं की रचनात्मकता, अभिव्यक्ति और सांस्कृतिक प्रतिभा को मंच देने का प्रयास किया जाएगा।
माय भारत यमुनानगर के उपनिदेशक ओंकार स्वामी ने बताया कि जिले के अधिक से अधिक पात्र युवाओं को कार्यक्रम से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। इसके लिए शैक्षणिक संस्थानों और युवा क्लबों से भी सहयोग लिया जा रहा है। यमुनानगर में 25 सितंबर 2026 तक 10,500 प्रतिभागियों को जोड़ने का लक्ष्य रखा गया है।
माय भारत जिला कार्यालय की ओर से विद्यालयों, महाविद्यालयों, आईटीआई, युवा क्लबों, नोडल अधिकारियों और यूथ एंबेसडरों के माध्यम से युवाओं को पंजीकरण के लिए प्रेरित किया जा रहा है। अधिकारियों के अनुसार यह कार्यक्रम युवाओं को अपनी प्रतिभा और विचार सामने रखने के साथ विकसित भारत@2047 की परिकल्पना में भागीदारी का अवसर देगा।
Editor: शिवानी राजपूत



